टीम इंडिया के दादा के नाम से मशहूर सौरव गांगुली आज 47 साल के हो गए हैं और अपना जन्मदिन मना रहे हैं। 1990 के दौर में भारतीय टीम को अर्श से फर्श पर पहुंचाने में गांगुली का सबसे बड़ा योगदान रहा। टीम को साल 2003 में वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचाने का श्रेय गांगुली को ही जाता है।
गांगुली ने काफी समय पहले ही क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और उसके बाद BCCI और कोलकाता क्रिकेट में कई तरह की जिम्मेदारियां निभाते रहे हैं, वे फिलहाल वर्ल्ड कप में कमेंटरी भी कर रहे हैं।
वहीं अपने जन्मदिन पर गांगुली ने सोशल मीडिया एप्प 'इंस्टाग्राम' पर डेब्यू करते हुए केक काटते हुए की तस्वीर पोस्ट की और अपने प्रसंशकों के लिए खास संदेश भी दिया।
गांगुली ने अपनी पोस्ट में लिखा 'अब मैं एक साल और बड़ा हो गया हूं और मैं अपने फैंस को कुछ देना चाहता हूं। यह रहा मेरा जन्मदिन और एक नई शुरुआत। '
इंस्टाग्राम के अलावा गांगुली ट्विटर और फेसबुक पर पहले से ही मौजूद हैं और अक्सर अपनी बातें वहां शेयर करते रहते हैं। अब जब उन्होंने फोटो बेस्ड एप्प पर भी अपनी मौजूदगी बना ली है तो उनके फैंस उनसे नए तरीके से जुड़ना जरुर चाहेंगे।
बता दें कि गांगुली ने 1992 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था, वेस्टइंडीज के खिलाफ ब्रिसबेन में पदार्पण करने के बाद 1996 में उन्होंने अपना पहला टेस्ट मैच खेला। 2007-08 में क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद गांगुली ने कुछ साल तक IPL में टी-20 खेला और कोलकाता नाईट राइडर्स के लिए कप्तानी की।
दादा ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वन-डे, टेस्ट और टी-20 मैच मिलाकर कुल 501 मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने 38 शतक और 115 अर्धशतक की मदद से तकरीबन 20 हजार अंतरराष्ट्रीय रन बनाए। गेंदबाजी में भी दादा ने कुल 161 विकेट चटकाए।