भारत की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर मिताली राज ने 39 साल की उम्र में क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने 23 साल तक भारतीय क्रिकेट की सेवा की। साल 1999 में मिताली ने 16 साल की उम्र में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी और पहले मैच में ही शतकीय पारी खेली थी। इसके बाद उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। मिताली के संन्यास पर बीसीसीआई, जय शाह और वीवीएस लक्ष्मण जैसे दिग्गजों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
संन्यास का एलान करते हुए मिताली ने कहा- इतने सालों तक टीम का नेतृत्व करना सम्मान की बात थी। इसने मुझे निश्चित रूप से एक व्यक्ति के रूप में आकार दिया और उम्मीद है कि इससे भारतीय महिला क्रिकेट को भी आगे बढ़ने में मदद मिली।
भारतीय क्रिकेट के लिए आपका योगदान अभूतपूर्व रहा है। शानदार करियर के लिए बधाई। आप अपने पीछे महान विरासत छोड़ के जा रही हैं। दूसरी पारी के लिए आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं।