भारतीय महिला टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना और मशहूर म्यूजिक कंपोजर पलाश मुछाल की शादी टल गई है। रविवार (23 नवंबर) को दोनों महाराष्ट्र के सांगली में परिणय सूत्र में बंधने वाले थे, लेकिन इससे पहले महिला बल्लेबाज के पिता की तबीयत खराब हो गई और शादी को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया। इस बीच सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि पलाश और स्मृति के बीच सबकुछ ठीक नहीं है, इसलिए बाएं हाथ की बल्लेबाज ने उन्हें अनफॉलो कर दिया।
इन दावों में कितनी सच्चाई है, आइये जानते हैं....
स्मृति मंधाना-पलाश मुछाल
- फोटो : palash muchchal (instagram)
मंधाना के पिता की तबीयत बिगड़ने के बाद टली शादी
स्मृति और पलाश की हाई-प्रोफाइल शादी में उस वक्त खलल पैदा हो गया जब महिला बल्लेबाज के पिता की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मंधाना के मैनेजर तुहिन मिश्रा ने रविवार को जानकारी दी कि शादी को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया। इसके बाद खबर आई कि स्मृति के मंगेतर पलाश की भी तबीयत खराब हुई और वह भी अस्पताल में भर्ती हैं।
मंधाना ने सोशल मीडिया से हटाईं शादी की तस्वीरें
इस सबके बीच स्मृति मंधाना ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से शादी की तमाम तस्वीरें और वीडियो हटाकर सभी को हैरत में डाल दिया। वहीं, सोशल मीडिया पर पलाश मुछाल की एक महिला के साथ प्राइवेट चैट के कुछ स्क्रीनशॉट्स भी वायरल हुए जिसे यूजर्स शादी टूटने की असली वजह मान रहे हैं। इस मामले पर जब अमर उजाला ने पलाश के परिवार के एक सदस्य से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने नाम न बताने की शर्त पर कहा, फिलहाल मामला बेहद संवेदनशील है और हम अभी इस पर कुछ नहीं कह सकते... कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।
मंधाना ने पलाश और उनकी बहन को किया अनफॉलो?
अब कुछ यूजर्स सोशल मीडिया पर दावा कर रहे हैं कि स्मृति मंधाना ने पलाश मुछाल को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया है। हालांकि, अमर उजाला की पड़ताल में दावे भ्रामक हैं। मंधाना ने अब तक पलाश और उनकी बहन पलक मुछाल को अनफॉलो नहीं किया है। वह दोनों को फॉलो कर रही हैं।