भारतीय टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना को आईसीसी ने अक्तूबर महीने की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी के पुरस्कार के लिए नामांकित किया है। यह नामांकन उन्हें हाल ही में समाप्त हुए महिला वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के आधार पर मिला है। भारत ने रविवार को नवी मुंबई में खेले गए फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर महिला क्रिकेट इतिहास में अपना पहला वैश्विक खिताब जीता। मंधाना के साथ इस पुरस्कार की दौड़ में दक्षिण अफ्रीका की कप्तान एल. वोल्वार्ट और ऑस्ट्रेलिया की आक्रामक ऑलराउंडर एश्ले गार्डनर भी शामिल हैं।
मंधाना का विश्व कप में प्रदर्शन
मंधाना ने विश्व कप के दौरान भारतीय बल्लेबाजी क्रम की अगुवाई की और सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल के साथ कई यादगार साझेदारियां निभाईं। 29 वर्षीय मंधाना की शुरुआत हालांकि धीमी रही, लेकिन उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 80 रन और इंग्लैंड के खिलाफ 88 रन की आक्रामक पारियाँ खेलीं। हालांकि, इन दोनों मैचों में भारत को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन मंधाना की लय बरकरार रही। इसके बाद, न्यूजीलैंड के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में उन्होंने 109 रन की शानदार शतकीय पारी खेली और प्रतिका के साथ 212 रन की मैच विजयी साझेदारी निभाई। फाइनल में भी मंधाना ने 45 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली और शेफाली वर्मा के साथ शतकीय साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
वोल्वार्ट ने भी मचाया धमाल
दक्षिण अफ्रीका की कप्तान वोल्वार्ट ने अपनी टीम को टूर्नामेंट के पहले मैच में इंग्लैंड से मिली 10 विकेट की हार से उबारकर फाइनल तक पहुंचाया। उन्होंने भारत के खिलाफ 70 रन, श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक और सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 169 रन की ऐतिहासिक पारी खेली, जो विश्व कप इतिहास की बेहतरीन पारियों में से एक रही। फाइनल में वोल्वार्ट ने भी 101 रन की शतकीय पारी खेली, लेकिन भारत के हरफनमौला प्रदर्शन ने दक्षिण अफ्रीका की खिताबी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
गार्डनर भी नहीं रहीं पीछे
ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एश्ले गार्डनर ने पूरे टूर्नामेंट में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 115 रन और इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 104 रन की पारियाँ खेलीं। इसके अलावा उन्होंने सात विकेट भी झटके, जिससे यह साबित हुआ कि वह गेंदबाजी में भी उतनी ही प्रभावशाली हैं।