मंधाना-पलाश बोले- अब आगे बढ़ने का समय
मंधाना ने सबसे पहले रविवार दोपहर एक बजकर आठ मिनट पर इंस्टाग्राम स्टोरी लगाई और पोस्ट किया कि उनकी शादी रद्द कर दी गई है। इसके ठीक चार मिनट बाद यानी एक बजकर 11 मिनट पर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया और बताया कि मंधाना के साथ उनकी शादी टूट गई है। मंधाना ने लिखा, पिछले कुछ सप्ताह से मेरे जीवन को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं और मुझे लगता है कि इस समय मेरे लिए खुलकर बोलना जरूरी है। मैं बहुत निजी इंसान हूं और मैं इसे इसी तरह रखना चाहती हूं, लेकिन मुझे यह स्पष्ट करना होगा कि शादी रद्द कर दी गई है। मैं इस मामले को यहीं समाप्त करना चाहती हूं और आप सभी से भी यही करने की विनती करती हूं। मैं आपसे अनुरोध करती हूं कि इस समय दोनों परिवारों की निजता का सम्मान करें और हमें अपनी गति से आगे बढ़ने का समय दें।
मंधाना ने आगे लिखा, मेरा मानना है कि हम सभी के पीछे एक बड़ा उद्देश्य है और मेरे लिए वह उद्देश्य हमेशा अपने देश का सर्वोच्च स्तर पर प्रतिनिधित्व करना रहा है। मैं उम्मीद करती हूं कि मैं भारत के लिए यथासंभव लंबे समय तक खेलती रहूं और ट्रॉफियां जीतती रहूं और मेरा ध्यान हमेशा इसी पर रहेगा। आप सभी के समर्थन के लिए धन्यवाद। अब आगे बढ़ने का समय है।
पलाश ने निजी रिश्तों से दूर रहने का किया फैसला
इसके बाद पलाश ने लिखा, मैंने अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने और अपने निजी रिश्तों से दूर रहने का फैसला किया है। मेरे लिए यह देखना बहुत मुश्किल रहा है कि लोग मेरे लिए सबसे पवित्र चीज के बारे में बेबुनियाद अफवाहों पर इतनी आसानी से प्रतिक्रिया दे रहे हैं। यह मेरे जीवन का सबसे मुश्किल दौर है और मैं अपने विश्वासों पर अडिग रहकर इससे निपटूंगा। मैं सचमुच उम्मीद करता हूं कि हम एक समाज के रूप में, किसी के बारे में बिना पुष्टि की गई अफवाहों के आधार पर राय बनाने से पहले रुकना सीखेंगे, जिनके सोर्स कभी पहचाने नहीं जाते। हमारे शब्द हमें ऐसे जख्म दे सकते हैं जिन्हें हम कभी समझ नहीं पाएंगे।
झूठी खबर फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई करने की कही बात
पलाश ने आगे उनको लेकर अफवाहें फैलाने वालों पर लीगल एक्शन लेने की भी बात कही है। अपने बयान में उन्होंने लिखा, ‘जब हम इन बातों पर विचार कर रहे हैं, तब दुनिया में कई लोग इसके गंभीर परिणामों का सामना कर रहे हैं। मेरी टीम झूठी और अपमानजनक अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। इस कठिन समय में मेरे साथ खड़े रहने वाले सभी लोगों का धन्यवाद।
ये भी पढ़ें: Smriti Mandhana: 'अब आगे बढ़ने का समय है...', मंधाना ने पलाश संग शादी को लेकर तोड़ी चुप्पी; किया बड़ा एलान
सोशल मीडिया पर गर्म रहा था अटकलों का बाजार
मंधाना और पलाश की शादी टलने के बाद से ही सोशल मीडिया पर अटकलों का बाजार गर्म हो गया था। इन दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की बातें की जा रही थी। दिलचस्प बात यह थी कि शादी टलने के बाद स्मृति ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शादी से जुड़ी सभी तस्वीरें और पोस्ट हटा दी थीं। इससे कयास और तेज हो गए कि क्या केवल शादी टली है या फिर कुछ और बदल गया है। सोशल मीडिया पर चर्चाएं फैल गईं कि पलाश और स्मृति के बीच सब ठीक नहीं था और रिश्ते में दरार आई है। हालात तब और जटिल हो गए जब इंटरनेट पर पलाश पर ‘चीटिंग’ के आरोप लगाए जाने लगे। इतना ही नहीं शादी टलने के कुछ दिन बाद पलाश मुछाल वृंदावन के प्रेमानंद महाराज के आश्रम में पहुंचे। यहां वो मास्क लगाए हुए भक्तों के बीच बैठे दिखाई दिए। यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ और लोगों ने इसे पलाश के मानसिक शांति की तलाश का संकेत माना।
अधूरी रह गई दास्तां
मंधाना और पलाश के बीच शादी रद्द होने का कारण भले ही स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन एक बात तो तय है कि इन दोनों की प्यार की दास्तां अब अधूरी रह गई है। मंधाना और पलाश पिछले छह वर्षों से एक दूसरे को डेट कर रहे थे और आखिरकार दोनों की शादी होने जा रही थी। लेकिन शायद नियति को कुछ और ही मंजूर था।