भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या लगभग तीन महीने बाद मैदान पर वापसी करने में कामयाब हुए। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बड़ौदा के लिए नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली और टीम को पंजाब पर सात विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
ये भी पढ़ें: Sneh Rana: विश्व कप विजेता गेंदबाज स्नेह राणा ने किए महाकाल के दर्शन, बोलीं- बाबा ने मुझे बुलाया और मैं आ गई
बड़ौदा ने पंजाब को सात विकेट से हराया
एलीट ग्रुप सी के मुकाबले में पंजाब का मंगलवार को बड़ौदा से सामना हुआ। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब की टीम ने अभिषक शर्मा और अनमोलप्रीत सिंह की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 222 रन बनाए। जवाब में बड़ौदा ने 19.1 ओवर में तीन विकेट पर 224 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस मैच में हार्दिक पांड्या ने ऑलराउंड प्रदर्शन से चमक बिखेरी। उन्होंने पहले पंजाब के अनमोलप्रीत का विकेट झटका। इसके बाद 42 गेंदों में सात चौके और चार छक्के की मदद से नाबाद 77 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई।
अंतरराष्ट्रीय टीम में वापसी कर सकते हैं पांड्या
हार्दिक ने लगभग तीन महीने बाद मैदान पर वापसी की। उनके हालिया प्रदर्शन को देखते हुए प्रशंसकों को उम्मीद है कि जल्द ही हार्दिक अंतरराष्ट्रीय टीम में भी वापसी करेंगे। दरअसल, भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 9 दिसंबर से पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जानी है। इसके लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) जल्द ही टीम का एलान कर सकता है।