फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

SMAT: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शमी ने दिखाया दम, चार विकेट झटके; हार्दिक पांड्या ने भी बॉलिंग में किया कमाल

Thu, 04 Dec 2025 09:29 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हैदराबाद

सार

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मोहम्मद शमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 13 रन देकर चार विकेट झटके, जिसकी बदौलत बंगाल ने सेना टीम को सात विकेट से हराया। दूसरी ओर, बड़ौदा की ओर से हार्दिक पांड्या ने भी गेंदबाजी में प्रभाव छोड़ा। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 16 रन देकर एक विकेट लिया।
विज्ञापन
शमी और हार्दिक - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय टीम से बाहर चल रहे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के 13 रन पर चार विकेट से बंगाल ने गुरुवार को हैदराबाद में सैयद मुशताक अली ट्रॉफी के ग्रुप सी मैच में सेना को सात विकेट से हरा दिया। यह बंगाल की पांच मैच में चौथी जीत है और अभिमन्यु ईश्वरन की अगुआई वाली टीम 16 अंक के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है। टीम ने इसके साथ ही नॉकआउट में जगह बनाने का अपना दावा मजबूत कर दिया है।
विज्ञापन


आईपीएल नीलामी में उतर रहे ईश्वरन ने 37 गेंद में 58 रन की पारी खेलने के अलावा अभिषेक पोरेल (29 गेंद में 56 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 93 रन जोड़े जिससे बंगाल ने 166 रन के लक्ष्य को 15.1 ओवर में ही हासिल कर लिया।

इससे पहले मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए शमी ने 13 रन देकर चार, जबकि आकाशदीप ने 27 रन देकर तीन विकेट चटकाए जिससे सेना की टीम 18.2 ओवर में 165 रन पर सिमट गई। ऋतिक चटर्जी ने भी 32 रन देकर दो विकेट चटकाए।
विज्ञापन

बड़ौदा ने गुजरात को हराया
चोट के बाद वापसी करते हुए पंजाब के खिलाफ तेजतर्रार पारी खेलने वाले हार्दिक पांड्या ने इस बार गेंद से प्रभावित करते किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवर में 16 रन देकर एक विकेट हासिल किया। उनकी टीम बड़ौदा ने गुजरात को कम स्कोर वाले मैच में आठ विकेट से हराया।

गुजरात की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 14.1 ओवर में सिर्फ 73 रन पर ढेर हो गई। गुजरात के सिर्फ दो खिलाड़ी दोहरे अंक में पहुंच पाए। बड़ौदा की ओर से भारत के पूर्व अंडर-19 तेज गेंदबाज राज लिम्बानी ने पांच रन देकर तीन विकेट चटकाए।

बड़ौदा ने इसके जवाब में सिर्फ 6.4 ओवर में दो विकेट पर 74 रन बनाकर जीत दर्ज की। हार्दिक ने छह गेंद में 10 रन बनाए। यह भारतीय ऑलराउंडर अब छह दिसंबर को कटक के लिए रवाना होगा, जहां वह नौ दिसंबर से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रही पांच मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए भारतीय टीम के साथ जुड़ेगा।
विज्ञापन

अंशुल कंबोज की घातक गेंदबाजी
ग्रुप के एक अन्य मैच में तेज गेंदबाजों अंशुल कंबोज (44 रन पर तीन विकेट) और अनुज ठकराल (31 रन पर तीन विकेट) की धारदार के गेंदबाजी के बाद यशवर्धन दलाल (नाबाद 76) के अर्धशतक से हरियाणा ने हिमाचल प्रदेश को सात विकेट से हरा दिया। हिमाचल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 176 रन बनाए थे जिसके जवाब में हरियाणा ने 18 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। दलाल ने अपनी पारी में सात चौके और चार छक्के लगाए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें