श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। स्टंप्स तक इंग्लैंड ने नौ विकेट के नुकसान पर 339 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड की टीम अभी श्रीलंका से 42 रन पीछे है। बता दें कि श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 381 रन बनाए थे।
रूट ने जड़ा टेस्ट करियर का 19वां शतक
इंग्लैंड ने शनिवार को दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 98 रन बनाए थे और तब रूट 67 रन बनाकर खेल रहे थे। तीसरे दिन रूट ने 139 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने इस दौरान 14 चौके लगाए। रूट ने अपने टेस्ट करियर का 19वां शतक लगाया।
रूट ने पीटरसन को छोड़ा पीछे
इस दौरान उन्होंने केविन पीटरसन के 8181 टेस्ट रन को भी पीछे छोड़ा और वह इंग्लैंड की तरफ से सर्वाधिक टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। रूट ने 309 गेंदों में 18 चौके की मदद से 186 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, श्रीलंका की तरफ से बाए हाथ के स्पिनर लेसिथ एम्बुलडेनिया ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सात विकेट चटकाए।
एलिस्टर कुक के नाम टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन
बता दें कि इंग्लैंड की तरफ से टेस्ट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक पहले स्थान पर हैं। कुक ने 161 टेस्ट मैचों में 33 शतक और 57 अर्धशतकों की मदद से 12472 रन बनाए हैं।
पहले टेस्ट में रूट ने लगाया था दोहरा शतक
मालूम हो कि रूट ने पहले टेस्ट में दोहरा शतक लगाया था, जिसके दम पर इंग्लैंड ने यह मुकाबला सात विकेट से जीता था। रूट ने पहले टेस्ट की पहली पारी में 228 रन की पारी खेली थी। फिलहाल, मेहमान टीम इंग्लैंड सीरीज में 1-0 से आगे है।