दिनेश चांदीमल (नाबाद 86) के साथ ओशादा फर्नांडो (64) और कुसल मेंडिस (76) की मदद से श्रीलंका ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन सोमवार को दूसरी पारी में नौ विकेट पर 329 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
विज्ञापन
Trending Videos
श्रीलंका की कुल बढ़त अब 333 रन की हो गई है और पाकिस्तान को इस मैच को जीतने के लिए रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करना होगा। इस मैदान पर चौथी पारी में श्रीलंका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा चार विकेट पर 268 रन बनाकर जीत दर्ज की है।
पहली पारी 76 रन बनाकर टीम के शीर्ष स्कोरर रहे चांदीमल ने दूसरी पारी में भी पाकिस्तान के गेंदबाजों को परेशान किया। उन्होंने नसीम शाह पर एक रन लेकर अपना 23वां अर्धशतक पूरा किया। दिन खत्म होने तक उन्होंने 121 गेंद की नाबाद पारी में पांच चौके और दो छक्के जड़ दिए हैं।
क्रीज पर उनके साथ प्रभात जयसूर्या चार रन बनाकर खेल रहे हैं। टीम ने 235 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे लेकिन चांदीमल ने पुछल्ले बल्लेबाजों रमेश मेंडिस (22), महीश तीक्षणा (11) और जयसूर्या के साथ 96 रन जोड़कर टीम को 329 के स्कोर तक पहुंचा दिया।