पाकिस्तान की टीम दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका पहुंच चुकी है। इस सीरीज की शुरुआत 16 जुलाई से हो रही है। यह दो टेस्ट दोनों टीमों के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। जो भी यह सीरीज जीतेगी, उसे डब्ल्यूटीसी में काफी फायदा होगा। श्रीलंका की टीम फिलहाल तीसरे और पाकिस्तान की टीम चौथे स्थान पर है।
श्रीलंका पहुंचने के बाद पाकिस्तान की टीम ने प्रैक्टिस सेशन में भी हिस्सा लिया। इस दौरान सभी खिलाड़ी चिल करते नजर आए। पाक खिलाड़ी क्रिकेट की जगह 'फुट वॉली' खेलकर टाइमपास करते नजर आए। टीम के साथ कप्तान बाबर आजम भी 'फुट वॉली' खेलते दिखे।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इसका वीडियो भी शेयर किया है। कैप्शन में बोर्ड ने लिखा कि खिलाड़ियों को दो टीमों में बांटा गया था। दोनों टीमों के बीच एक बेहद ही रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में दोनों टीमों ने एक-एक सेट जीता। 'फुट वॉली' वॉलीबॉल गेम का ही एक रूप है। इसमें हाथ की जगह पैर का इस्तेमाल होता है।
श्रीलंका दौरे पर पाकिस्तान की टीम पहला टेस्ट 16 जुलाई से 20 जुलाई के बीच गॉल में खेलेगी। इसके बाद तीन दिन का रेस्ट होगा फिर 24 जुलाई से दूसरा टेस्ट खेला जाएगा। यह मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा।
आंकड़ों की बात करें तो पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच अब तक 55 टेस्ट खेले गए हैं। इसमें से 20 टेस्ट पाकिस्तान ने और 16 टेस्ट श्रीलंका ने जीते हैं। दोनों टीमों के बीच 19 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।
इसके अलावा श्रीलंकाई टीम ने गुरुवार को पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए स्क्वॉड का एलान किया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रभात जयसूर्या को टीम में बरकरार रखा गया है।
श्रीलंकाई टेस्ट टीम: दिमुथ करुणारत्ने (कप्तान), पथुम निसांका, ओशादा फर्नांडो, एंजेलो मैथ्यूज, कुसल मेंडिस, धनंजया डी सिल्वा, कामिंडू मेंडिस, निरोशन डिकवेला, दिनेश चांदीमल, रमेश मेंडिस, महेश तीक्षणा, कसुन रजिथा, विश्वा फर्नांडो, असिथा , दिलशान मदुशंका, प्रभात जयसूर्या, दुनिथ वेलालगे और जेफरी वांडरसे।
श्रीलंका दौरे के लिए पाकिस्तानी टेस्ट टीम: बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान, अब्दुल्ला शफीक, इमाम उल हक, अजहर अली, फहीम अशरफ, फवद आलम, हारिस राउफ, नसीम शाह, नौमान अली, सलमान अली आगा, सरफराज अहमद, सौद शकील, शाहीन अफरीदी, शान मसूद और यासिर शाह, हसन अली और मोहम्मद नवाज।