ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने गुरुवार को 35वें टेस्ट शतक के साथ भारत के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर को पीछे छोड़ दिया। श्रीलंका के खिलाफ जारी गाल टेस्ट के पहले दिन स्टैंड इन कप्तान स्मिथ ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 179 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इसी के साथ उन्होंने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह सर्वाधिक टेस्ट शतक जड़ने वाले सातवें बल्लेबाज बन गए।
सुनील गावस्कर-ब्रायन लारा जैसे दिग्गजों से आगे निकले स्मिथ
35 वर्षीय बल्लेबाज ने अपने करियर के 35वें टेस्ट शतक के साथ पाकिस्तान के यूनिस खान, भारत के सुनील गावस्कर, वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा और श्रीलंका के महेला जयवर्धने को पीछे छोड़ दिया। इन सभी दिग्गजों के नाम टेस्ट क्रिकेट में 34 शतक दर्ज हैं। इस सीरीज में एक और शतक के साथ स्टीव स्मिथ पूर्व भारतीय बल्लेबाज राहुल द्रविड़ और इंग्लैंड के दिग्गज जो रूट की बराबरी कर सकते हैं। दोनों के नाम टेस्ट क्रिकेट में 36 शतक दर्ज हैं।
स्टीव स्मिथ
- फोटो : अमर उजाला
सबसे तेजी से 10 हजार रन पूरे करने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बने स्मिथ
गाल में खेले जा रहे इस मैच में स्मिथ ने एक दिन में दो उपलब्धियां हासिल की हैं। आज ही उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 10000 हजार रन भी पूरे किए। वह टेस्ट में 10000 रन पूरे करने वाले चौथे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए। स्मिथ दूसरे ऐसे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज हैं जिन्होंने सबसे तेजी से यह उपलब्धि हासिल की।
यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के 15वें बल्लेबाज
35 वर्षीय स्मिथ टेस्ट में 10000 रन पूरे करने के मामले में सचिन तेंदुलकर, रिकी पोंटिंग और ब्रायन लारा जैसे दिग्गजों की सूची में शामिल हो गए हैं। स्मिथ टेस्ट इतिहास में 10000 रन पूरे करने वाले दुनिया के 15वें बल्लेबाज हैं। उनसे पहले एलन बॉर्डर, स्टीव वॉ और पोंटिंग ऑस्ट्रेलिया के ऐसे बल्लेबाज हैं जो इस उपलब्धि पर पहुंचे हैं। स्मिथ ने यह मुकाम 115 टेस्ट और 205 पारियों में हासिल किया है। ब्रायन लारा, सचिन और कुमार संगकारा ने 195 पारियों में टेस्ट में 10000 रन पूरे किए थे।
सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज
स्मिथ के टेस्ट का सफर 2010 में पाकिस्तान के खिलाफ शुरू हुआ था। उनका डेब्यू यादगार नहीं रहा था और उन्होंने दोनों पारियां मिलाकर 13 रन बनाए थे। हालांकि, समय बितने के साथ ही वह ऑस्ट्रेलिया के सफल बल्लेबाजों में शामिल हुए और मध्य क्रम में टीम के मजबूत बल्लेबाज के तौर पर उभरे। उनके नाम टेस्ट प्रारूप में 35 शतक हैं और वह सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलिया के दूसरे बल्लेबाज हैं। उनसे ज्यादा शतक सिर्फ रिकी पोंटिंग ने लगाए हैं जिनके नाम टेस्ट में 41 शतक हैं।
कमिंस की अनुपस्थिति में संभाल रहे कमान
स्मिथ श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पैट कमिंस की अनुपस्थिति में टीम की कमान संभाल रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत को हराया था और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल से पहले उसकी कोशिश श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में प्रभावित करने की होगी। ऑस्ट्रेलिया का जून में डब्ल्यूटीसी फाइनल में सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा।