कोरोना महामारी का साया अब दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट तक पहुंच गया है। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने बुधवार को कहा कि शनिवार को होने वाले 3टीम क्रिकेट मैच से पहले कराए गए करीब 50 लोगों के परीक्षण में से छह लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, हालांकि इनमें कोई भी क्रिकेटर शामिल नहीं है।
सीएसए ने बयान में कहा, ‘क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका पुष्टि कर सकता है कि 18 जुलाई 2020 शनिवार को होने वाले 3टीम क्रिकेट मैच की तैयारियों के लिए खिलाड़ियों, कोचों, सहयोगी और स्थल के स्टाफ के 10 से 13 जुलाई तक देश के विभिन्न स्थलों पर करीब 50 कोविड-19 पीसीआर परीक्षण कराए गए।’
इसमें कहा गया, ‘छह लोग कोरोना पॉजिटिव मिले, लेकिन इसमें मैच में हिस्सा लेने वाला कोई खिलाड़ी शामिल नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के मौजूदा दिशानिर्देशों के अनुसार सीएसए की चिकित्सा टीम उनकी देखभाल कर रही है।’ हालांकि सीएसए ने यह नहीं बताया कि ये पॉजिटिव पाए गए लोग कौन हैं।
अठारह जुलाई को ‘3टीक्रिकेट’ टूर्नामेंट से दक्षिण अफ्रीका में कोविड-19 से लगे ब्रेक के बाद क्रिकेट बहाल होगा। सॉलिडैरिटी कप में दक्षिण अफ्रीका के 24 शीर्ष क्रिकेटर तीन टीमों, द ईगल्स, किंगफिशर्स और द काइट्स में हिस्सा लेंगे।