मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने नहीं मिलाया हाथ
मैच के बाद जो हुआ उसने सभी का ध्यान खींचा। आमतौर पर मुकाबले के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी हाथ मिलाते हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव विजयी छक्का लगाने के बाद शिवम दुबे के साथ सीधे पवेलियन की ओर बढ़ गए। भारतीय खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ ने आपस में गले मिलकर जीत का जश्न मनाया लेकिन पाकिस्तान टीम से कोई औपचारिकता नहीं निभाई। गौर करने वाली बात यह रही कि टॉस के वक्त भी सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया था। सोशल मीडिया पर लोग इसे भारत का "साइलेंट बॉयकॉट" (सांकेतिक बहिष्कार) बता रहे हैं।
भारतीय ड्रेसिंग रूम का दरवाजा बंद कर लिया गया
- फोटो : Twitter
पाकिस्तान के मुंह पर बंद किया दरवाजा
इतना ही नहीं, मैच के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें भारतीय टीम का एक सदस्य सभी खिलाड़ियों और स्टाफ के ड्रेसिंग रूम में पहुंचने के बाद ड्रेसिंग रूम का दरवाजा बंद करता नजर आता है, जबकि पाकिस्तान के खिलाड़ी मैदान पर खड़े इंतजार करते दिख रहे हैं। वीडियो में साफ दिखता है कि भारतीय खिलाड़ी आपस में जश्न मना रहे थे और जैसे ही पाकिस्तानी टीम एक लाइन बनाकर भारत से हाथ मिलाने के लिए आगे बढ़ती है, भारतीय ड्रेसिंग रूम का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया गया। फैंस का कहना है कि यह कदम केवल क्रिकेट नहीं बल्कि हालिया घटनाओं पर भारत का रुख दर्शाता है। कई पूर्व क्रिकेटरों और एक्सपर्ट्स ने भी इसे स्पोर्टिंग डिप्लोमेसी कहा है।
सुपर-4 में हो सकती है फिर भिड़ंत
भारत की यह लगातार दूसरी जीत है और टीम अब ग्रुप-ए में शीर्ष पर है। अगर पाकिस्तान भी सुपर-फोर के लिए क्वालिफाई करता है तो अगले रविवार को दोनों टीमों की फिर भिड़ंत हो सकती है, जो मौजूदा हालात को देखते हुए और भी रोमांचक होने वाली है।