फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किस गेंदबाज के मुरीद हुए कप्तान गिल?: बोले- आज उनकी क्षमता की शानदार झलक देखी; भारत वनडे सीरीज में 2-0 से आगे

Sat, 07 Nov 2026 05:49 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, वेलिंग्टन

सार

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 30 रन देकर चार विकेट हासिल किए। उनके प्रदर्शन की कप्तान शुभमन गिल ने जमकर तारीफ की। 

विज्ञापन
भारतीय टीम - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करने वाले युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ की भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने जमकर तारीफ की है। वेलिंगटन के हेनरी फार्म स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुरनूर ने अपनी तेज रफ्तार और उछाल से कीवी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। उन्होंने 10 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट झटके और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
विज्ञापन
Trending Videos

गुरनूर बराड़ - फोटो : ANI
'गुरनूर में है रफ्तार और उछाल, बस निरंतरता की जरूरत'
मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में कप्तान शुभमन गिल ने गुरनूर के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि वह पिछले मुकाबले में भी अच्छी गेंदबाजी कर रहे थे। गिल ने कहा, 'गुरनूर पिछले मैच में भी काफी अच्छी गेंदबाजी कर रहे थे। उम्मीद है कि जैसे-जैसे उन्हें अधिक मैच खेलने और अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा, उनकी लाइन और लेंथ में निरंतरता आएगी। उनके पास रफ्तार है और गेंद में उछाल भी है। अब जरूरत इस बात की है कि वह अपनी गेंदबाजी में निरंतरता बनाए रखें। आज हमने उनकी क्षमता की शानदार झलक देखी।'

गुरनूर बराड़ - फोटो : ANI
युवा गेंदबाजों को दबाव में प्रदर्शन करने की जरूरत
भारतीय टीम इस सीरीज में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज जैसे अनुभवी तेज गेंदबाजों के बिना मैदान पर उतर रही है। ऐसे में टीम प्रबंधन की नजर युवा गेंदबाजों को तैयार करने पर है। गुरनूर बराड़ के अलावा औकीब नबी और अंशुल कंबोज भी तेज गेंदबाजी विभाग में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। गिल ने युवा गेंदबाजों को दिए जा रहे संदेश के बारे में कहा कि इन खिलाड़ियों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल होने के लिए जरूरी सभी खूबियां मौजूद हैं। हालांकि, असली चुनौती दबाव की परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करना है।

उन्होंने कहा, 'इनमें से ज्यादातर खिलाड़ियों के पास जरूरी सभी खूबियां हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अहम चीज दबाव में प्रदर्शन करना है। लगातार मैच खेलकर अनुभव हासिल करना और मुश्किल परिस्थितियों में टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करना ही सफलता की कुंजी है।'

भारत बनाम न्यूजीलैंड - फोटो : BCCI
बारिश से प्रभावित मुकाबले में भारत ने चार रन से दर्ज की जीत
मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड की पारी को 134 रन पर समेट दिया था। हालांकि, बारिश के कारण मैच कई बार प्रभावित हुआ। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 26 ओवर में 7 विकेट पर 113 रन बनाए थे। इसके बाद बारिश के चलते डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) नियम के आधार पर भारत को चार रन से विजेता घोषित किया गया। गिल ने माना कि पिच बल्लेबाजी के लिए चुनौतीपूर्ण थी और भारतीय टीम ने अंत में अपनी उम्मीद से दो विकेट ज्यादा गंवा दिए। उन्होंने कहा कि टीम को अंदाजा था कि मुकाबले के आखिरी हिस्से में बारिश हो सकती है।

गिल ने कहा, 'पिच निश्चित रूप से चुनौतीपूर्ण थी। हालांकि, अंत में हमने अपनी उम्मीद से दो विकेट ज्यादा गंवा दिए। हमें पता था कि बारिश आ सकती है। आखिरी दो शॉट भी हमारे लिए अच्छे नहीं रहे। अगर हम डीएलएस नियम के तहत चार या पांच रन से यह मैच हार जाते तो यह हमारे लिए बेहद निराशाजनक होता। हालांकि, खुशी है कि हम मुकाबला जीतने में सफल रहे।'
विज्ञापन

भारतीय टीम - फोटो : BCCI
सीरीज में भारत ने बनाई 2-0 की बढ़त
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने पांच मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली है। युवा तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन टीम के लिए सकारात्मक संकेत है। खासकर गुरनूर बराड़ की गेंदबाजी ने आगामी मुकाबलों के लिए भारतीय टीम की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। अब देखना होगा कि युवा गेंदबाज अपने प्रदर्शन में कितनी निरंतरता बनाए रख पाते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें