भारतीय कप्तान शुभमन गिल की हाल ही में मैनचेस्टर सिटी के स्टार फुटबॉलर एर्लिंग हालैंड से खास मुलाकात हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को अपनी-अपनी जर्सी गिफ्ट की। वहीं, नॉर्वे के स्ट्राइकर हालैंड ने गिल को अपना साइन किया हुआ फुटबॉल बूट भी भेंट किया। बता दें कि, गिल जल्द ही न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते नजर आएंगे। हालांकि, उन्हें टी20 विश्व कप टीम में शामिल नहीं किया गया है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलते नजर आएंगे गिल
गिल जल्द ही वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलते नजर आएंगे। इस सीरीज की शुरुआत 11 जनवरी से होगी, जिसके लिए शनिवार को टीम का एलान हो सकता है। पहला मैच वडोदरा में खेला जाएगा जबकि दूसरा और तीसरा मैच क्रमश: 14 और 18 जनवरी को राजकोट तथा इंदौर में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए आमने-सामने होंगी। हालांकि, गिल इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। उन्हें चयनकर्ताओं ने टीम में शामिल नहीं किया है।
टी20 विश्व कप टीम में शामिल नहीं हैं गिल
इस साल सात फरवरी से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम इंडिया का एलान कर दिया है। इस टीम में शुभमन गिल शामिल नहीं हैं। माना जा रहा है कि उनका टी20 प्रारूप में हालिया प्रदर्शन उनके लिए मुसीबत बन गया। एशिया कप के दौरान टीम में वापसी के बाद से उन्होंने 15 मैचों में सिर्फ 291 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 137.26 रहा है, जिसमें एक भी अर्धशतक या शतक शामिल नहीं है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई टी20 सीरीज में भी गिल का बल्ला खामोश रहा और उन्होंने तीन मैचों में सिर्फ 32 रन बनाए, जिससे उनके चयन पर दबाव और बढ़ गया।