सबसे पहले हार्दिक ने शुभमन से सवाल पूछा- शुभमन आप ये बताएं कि कैसे आप इतने मुश्किल शॉट इतनी आसानी से खेलते हैं? यह देखने में अत्यधिक सुंदर होता है। इसके लिए बहुत सारा श्रेय आपके पिता को जाता है, क्योंकि उन्होंने आप पर काफी मेहनत की है। इसके अलावा किस चीज ने आपके करियर में काफी मदद की है? इस पर शुभमन कहते हैं- मैं मैदान पर जाने और वह करने के लिए बहुत उत्सुक था, जो मुझे करना पसंद है।
शुभमन कहते हैं- हार्दिक आपने मुझे वह आत्मविश्वास दिया, खासकर इस मैच में जब मैं बैटिंग के लिए जा रहा था। मैच से पहले आपने कहा मुझे- जैसा मैं खेलता हूं वैसे ही जाकर खेलो, कुछ एक्स्ट्रा करने की जरूरत नहीं है। मुझे लगता ये छोटी-छोटी बातें काफी मदद करती हैं। इसके बाद हार्दिक कहते हैं मुझे पता है कि हार्ड वर्क (कड़ी मेहनत) का मतलब क्या होता है। आपके पिता ने आपको कड़ी मेहनत करना सिखाया और यह आपके गेम में दिखा। मैं युवा साथियों से भी कहना चाहूंगा कि कड़ी मेहनत ही शीर्ष पर पहुंचने की एकमात्र चाबी है।
इसके बाद शुभमन हार्दिक से सवाल पूछते हैं। वह कहते हैं- हार्दिक आपने भारत की गेंदबाजी से पहले कहा था कि आप गेंद से कुछ स्पेशल करने वाले हैं। क्या आप फैन्स को बता सकते हैं कि आप क्या करना चाहते थे? इस पर हार्दिक जवाब देते हैं- मैं इस मैच में ज्यादा से ज्यादा तेज गेंद फेंकना चाह रहा था। चार विकेट मिलना पार्ट एंड पार्सल ऑफ स्पोर्ट्स है, लेकिन मैंने 145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी। आप मेरे चेहरे पर मुस्कान देख सकते हैं। आखिर में हार्दिक कहते हैं जो भी यह देख रहे उन्हें मैं कहूंगा कड़ी मेहनत करें और अपने काम के प्रति ईमानदार रहें।
अहमदाबाद में शुभमन गिल ने तूफानी शतक से दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने 63 गेंदों में 126 रन की नाबाद पारी खेली। अपनी पारी में 23 साल के शुभमन ने 12 चौके और सात छक्के लगाए। गिल की इस पारी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में चार विकेट पर 234 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 12.1 ओवर में 66 रन पर सिमट गई। भारत ने यह मैच 168 रन से जीता।
शुभमन के अलावा ईशान किशन (1) कुछ खास नहीं कर सके। राहुल त्रिपाठी ने 22 गेंदों में 44 रन की पारी खेली। सूर्यकुमार यादव 13 गेंदों में 24 रन और कप्तान हार्दिक पांड्या 17 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हुए। दीपक हुड्डा दो रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में हार्दिक ने चार विकेट लिए। वहीं, अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक और शिवम मावी को दो-दो विकेट मिले।