भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। इस मुकाबले में भारत ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 12.5 ओवर में एक विकेट खोकर 89 रन बनाए थे। इसके बाद बारिश शुरू हो गई और आगे कोई गेंद नहीं फेंकी जा सकी। अंपायरों ने मैदान गीला होने और काफी समय बर्बाद होने के बाद मैच को रद्द करने का फैसला किया। इस मुकाबले भले ही हार-जीत का फैसला नहीं हो पाया हो, लेकिन भारत के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने एक और खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
गिल ने इस मैच में 42 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाए। इसके साथ ही उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब शुभमन गिल भारत के लिए शुरुआती 10 पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले सलामी बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में दिग्गज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा है।
बतौर ओपनर 495 रन बना चुके हैं गिल
शुभमन गिल ने अब तक भारत के लिए 14 वनडे मैच खेले हैं और इनमें से 10 में पारी की शुरुआत की है। बतौर ओपनर गिल ने वनडे में 70.71 के औसत से 495 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 97.44 और सबसे बड़ा स्कोर नाबाद 98 रन है। पारी की शुरुआत करते हुए वह चार अर्धशतक भी लगा चुके हैं। वहीं, सचिन ने भारत के लिए पारी की शुरुआत करते हुए 10 पारियों में 478 रन बनाए थे। इस मामले में राहुल द्रविड़ तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने बतौर ओपनर 463 रन बनाए थे। वहीं, शिखर धवन ने अपनी शुरुआती 10 पारियों में 432 रन बनाए थे। सहवाग इस मामले में पांचवें नंबर पर हैं, जिन्होंने 425 रन बनाए थे।
पहले भी सचिन का रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं गिल
शुभमन गिल ने इससे पहले जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज के दौरान सचिन का रिकॉर्ड तोड़ा था। वह जिम्बाब्वे में भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज हैं। इसी साल अगस्त के महीने में गिल ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 130 रन की पारी खेली थी। यह वनडे में उनका पहला शतक था। इसी के साथ ही उन्होंने सचिन का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। जिम्बाब्वे की धरती पर यह किसी भारतीय बल्लेबाज की वनडे में सबसे बड़ी पारी थी। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन के नाम था। सचिन ने 1998 में जिम्बाब्वे में नाबाद 127 रन बनाए थे और गिल ने उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया था।