भारतीय टीम के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में 150 रन बनाए। गिल ने मैच के पहले दिन शतक लगाया था और अब उन्होंने इस लय को दूसरे दिन भी बरकरार रखते हुए 150 रन पूरे कर लिए हैं। गिल 2002 के बाद इंग्लैंड में इतने रन बनाने वाले पहले भारतीय हैं। भारत के लिए आखिरी बार इंग्लैंड में इतने रन राहुल द्रविड़ ने बनाए थे।
गिल ने खत्म किया 23 साल का इंतजार
राहुल द्रविड़ ने 2002 में ओवल में खेले गए मैच में 217 रन की पारी खेली थी। उनके बाद से अब तक कोई भारतीय बल्लेबाज इंग्लैंड में इतने रन नहीं बना सका था। गिल ने 23 साल बाद अब यह उपलब्धि हासिल कर ली है और भारत को बड़े स्कोर की ओर अग्रसर कर दिया है। गिल और रवींद्र जडेजा के बीच छठे विकेट के लिए 170+ रनों की साझेदारी हो चुकी है जिससे पहली पारी में भारत का स्कोर 400 रन के करीब पहुंच गया है।
गिल ने की अजहरुद्दीन की बराबरी
गिल तीसरे भारतीय कप्तान हैं जिन्होंने 26 साल की उम्र पूरी करने से पहले ही टेस्ट की एक पारी में 150 रन का आंकड़ा छुआ है। उन्होंने इस मामले में एम पटौदी और सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर ली है। पटौदी ने दो बार ऐसा किया था। वहीं, गिल दूसरे भारतीय कप्तान हैं जिन्होंने इंग्लैंड में 150 रन की पारी खेली है। उनसे पहले 1990 में मोहम्मद अजहरुद्दीन ने ओल्ड ट्रेफोर्ड में खेले गए मैच में कप्तान के तौर पर 179 रन बनाए थे।
गावस्कर-कोहली और हजारे की सूची में शामिल
गिल ने कप्तान के तौर पर दूसरी बार 140+ रन बनाए हैं और इसके साथ ही वह सुनील गावस्कर, विराट कोहली और विजय हजारे जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं। हजारे ने 1951 में इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज में दो बार 140+ रन बनाए थे। वहीं, गावस्कर ने भी 1978 में वेस्टइंडीज दौरे पर दो बार ऐसा किया था। कोहली ने तीन देशों के खिलाफ किसी टेस्ट सीरीज में कप्तान रहते हुए दो बार 140+ रन बनाए थे। कोहली ने 2014 में ऑस्ट्रेलिया, 2016 में इंग्लैंड और 2017 में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में ऐसा किया था। अब गिल भी इस सूची में शामिल हो गए हैं।