शुभमन गिल को भारतीय क्रिकेट का भविष्य माना जा रहा है। 24 साल की उम्र में उन्होंने जिस तरह का प्रदर्शन किया है। उसके बाद माना जा रहा है कि वह सचिन और विराट के बाद विश्व क्रिकेट में राज करने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज होंगे। गिल ने बहुत जल्दी खेल के तीनों प्रारूपों में भारतीय क्रिकेट टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है। भारत परंपरागत रूप से समय-समय पर महान बल्लेबाजों को तैयार करने के लिए जाना जाता है और गिल को जिस तरह की शुरुआत मिली है, उससे संभावना है कि वह आगे की कमान संभालेंगे।
गिल ने दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींचा है और कई क्रिकेट पंडित अनुमान लगा रहे हैं कि वह भारतीय क्रिकेट टीम के अगले सुपरस्टार होंगे। वह 2023 में 1000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी थे। वह 2023 में पांच से अधिक अंतरराष्ट्रीय शतक बनाने वाले पहले बल्लेबाज भी बने थे। इन उपलब्धियों के चलते उनका बैंक बैलेंस और संपत्ति भी तेजी से बढ़ रही है। इतनी कम उम्र में, युवा क्रिकेटर के पास लगभग 32 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति है।
शुभमन गिल ने यह पैसा रातों रात नहीं कमाया है। आइए जानते हैं उनकी कमाई के अहम जरिए क्या हैं। शुभमन गिल की कमाई मुख्य रूप से तीन प्रमुख स्रोतों से होती है: उनका आईपीएल वेतन, उनका बीसीसीआई वेतन और ब्रांड विज्ञापन।
विश्व स्तर पर सबसे अमीर क्रिकेट टूर्नामेंटों में से एक इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) ने उनकी संपत्ति को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। गिल को 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने खरीदा था। इस टीम ने उन्हें 2019 और 2020 में अपने साथ जोड़े रखा। तीन साल तक आईपीएल के जरिए उनकी सालाना कमाई 1.8 करोड़ थी। हालांकि, 2022 में गिल के आईपीएल करियर में एक बड़ा बदलाव आया। वह आठ करोड़ रुपये की बड़ी कीमत पर गुजरात टाइटन्स में चले गए। अगले वर्ष, 2023 में, गुजरात टाइटन्स ने उन्हें उसी कीमत पर बनाए रखने का विकल्प चुना, जो उनके लगातार प्रदर्शन और टीम में अमूल्य योगदान का प्रमाण है।
अपनी आईपीएल कमाई के अलावा, शुभमन गिल का मासिक वेतन भी काफी ज्यादा है। वह हर महीने लगभग 70 लाख रुपये कमाते हैं, जो मैच फीस और आकर्षक ब्रांड एंडोर्समेंट के जरिए आते हैं। गिल माय 11 सर्कल सहित कई प्रतिष्ठित ब्रांडों का विज्ञापन कर रहे हैं।
शुभमन गिल के पास कौन सी कार
गिल के गैराज में एक शानदार रेंज रोवर एसयूवी और एक मजबूत महिंद्रा थार है। दोनों वाहन अपने-अपने अनूठे तरीके से क्रिकेटर की शैली और व्यक्तित्व को दर्शाते हैं।
शुभमन गिल का आलीशान घर
शुभमन गिल के नाम पंजाब के फिरोजपुर जिले में स्थित एक भव्य घर भी है। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस घर की कई तस्वीरें हैं। इसे शानदार ढंग से डिजाइन किया गया है। यह घर लकड़ी के आधुनिक फर्नीचर, सजावट के सामान और दीवारों पर बने चित्रों से सुसज्जित है। खबरों के अनुसार इस भारतीय सलामी बल्लेबाज की कुल संपत्ति चार मिलियन अमेरिकी डालर (लगभग 32 करोड़ रुपये) है।