भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सुपर लीग चरण में मुंबई की टीम का हिस्सा बन सकते हैं। टूर्नामेंट का सुपर लीग चरण 30 नवंबर से नागपुर में शुरू होगा। अय्यर की वापसी से मुंबई की बल्लेबाजी को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रेयस अय्यर सुपर लीग चरण में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेलेंगे। सूर्यकुमार ने ग्रुप स्टेज में मुंबई की टीम की अगुआई की थी। मुंबई ने ग्रुप डी में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सात में से छह मुकाबले जीते और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। उसके साथ विदर्भ की टीम ने भी सुपर लीग चरण के लिए क्वालिफाई किया।
श्रेयस अय्यर
- फोटो : ANI
न्यूजीलैंड दौरे के बाद मैदान पर उतरेंगे अय्यर
श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड दौरे के व्हाइट बॉल चरण के बाद पहली बार मैदान पर उतरेंगे। इस दौरे पर उन्होंने भारतीय टीम की टी20 सीरीज में कप्तानी की थी, जिसमें भारत ने 3-2 से जीत दर्ज की थी। इसके अलावा अय्यर ने आखिरी दो वनडे मुकाबलों में भी टीम की कमान संभाली थी। भारत ने इनमें से एक मैच जीता और एक गंवाया, जबकि वनडे सीरीज 3-1 से अपने नाम की।
मुंबई की बल्लेबाजी को मिलेगी मजबूती
श्रेयस अय्यर के टीम से जुड़ने के बाद मुंबई का बल्लेबाजी क्रम और मजबूत हो जाएगा। टीम में पहले से ही अंगकृष रघुवंशी, मुशीर खान, सरफराज खान, सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे जैसे बल्लेबाज मौजूद हैं। अय्यर की वापसी के कारण विकेटकीपर बल्लेबाज हार्दिक तामोरे की बल्लेबाजी पोजीशन में बदलाव हो सकता है। वह पहले टीम के लिए ओपनिंग कर रहे थे, लेकिन अब उन्हें निचले मध्यक्रम में बल्लेबाजी का मौका मिल सकता है।
श्रेयस अय्यर
- फोटो : ANI
30 नवंबर को आंध्र से होगा पहला मुकाबला
श्रेयस अय्यर पिछले कुछ दिनों से मुंबई के क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (सीसीआई) में अभ्यास कर रहे थे। वह रविवार को टीम के अन्य खिलाड़ियों के साथ नागपुर के लिए रवाना होंगे। मुंबई को सुपर लीग के ग्रुप बी में रखा गया है। इस ग्रुप में उसके साथ आंध्र, पंजाब और राजस्थान की टीमें हैं। मुंबई अपना पहला मुकाबला 30 नवंबर को आंध्र के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 2 दिसंबर को पंजाब और 4 दिसंबर को राजस्थान से सामना होगा। टूर्नामेंट के दोनों सुपर लीग ग्रुप की शीर्ष टीमें 6 दिसंबर को फाइनल मुकाबला खेलेंगी।
दो बार खिताब जीत चुकी है मुंबई
मुंबई की टीम अब तक दो बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब जीत चुकी है। टीम ने पिछली बार 2024-25 के सीजन में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में यह ट्रॉफी अपने नाम की थी। बेंगलुरु में खेले गए फाइनल में मुंबई ने मध्य प्रदेश को पांच विकेट से हराकर खिताब जीता था। अब टीम की नजर एक बार फिर ट्रॉफी जीतने पर होगी।