बशीर को भारतीय पारी के दौरान जडेजा के एक शॉट पर चोट लगी थी। उन्होंने जडेजा के एक सीधे शॉट को फॉलो थ्रू में रोकने की कोशिश की थी। इसमें उनके बाएं हाथ की अंगुली में चोट लगी। पांचवें दिन का आधा खेल बीत जाने के बाद वह पट्टी लगाकर मैदान पर आए, क्योंकि इंग्लैंड की टीम भारत की दूसरी पारी में आठ विकेट गिराने के बाद जडेजा और बुमराह के सामने मजबूर दिख रही थी।
बशीर ने टूटे अंगुली के साथ गेंदबाजी की और सिराज का आखिरी विकेट निकाला। इसके बाद साथी खिलाड़ियों ने उन्हें गले लगा लिया था। बशीर की गेंद को सिराज ने डिफेंड किया और गेंद रिवर्स स्पिन होकर विकेट पर जा लगी। इंग्लैंड ने तीसरे क्रिकेट टेस्ट के पांचवें और अंतिम दिन सोमवार को भारत को 22 रन से हराकर पांच मैच की सीरीज में 2-1 की बढ़त बनाई।
इंग्लैंड के 193 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 170 रन पर सिमट गई। मेहमान टीम की ओर से रविंद्र जडेजा ने सर्वाधिक नाबाद 61 रन बनाए जबकि सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल ने 39 रन की पारी खेली। इंग्लैंड की तरफ से जोफ्रा आर्चर और बेन स्टोक्स ने तीन-तीन विकेट चटकाए।
शोएब बशीर की जगह इस खिलाड़ी को किया गया शामिल
शोएब बशीर की जगह हेम्पशायर के स्पिनर लियाम डॉसन को चौथे टेस्ट के लिए टीम में शामिल किया गया है। 35 वर्षीय खिलाड़ी ने इंग्लैंड के लिए आखिरी बार 2017 में टेस्ट क्रिकेट खेला था। इंग्लैंड टीम के चयनकर्ता ल्यूक राइट ने कहा- लियाम डॉसन टीम में शामिल होने के हकदार हैं। काउंटी चैंपियनशिप में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है और हेम्पशायर के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं।