पेसर उस्मान शिनवारी की बदौलत पाकिस्तान ने आखिरी और पांचवें वनडे में श्रीलंका को नौ विकेट से हराकर सीरीज 5-0 से जीत ली। तेज गेंदबाज उस्मान ने पांच विकेट झटक कर श्रीलंका की बल्लेबाजी लाइन अप को तहस-नहस कर दिया। उन्होंने सात ओवर में 34 रन खर्च कर पांच विकेट लिए। इससे पहले श्रीलंका की पूरी टीम 26.2 ओवर में 103 रन पर आउट हो गई। बल्लेबाजी करने उतरी पाक टीम ने 20.2 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
पाक के सलामी बल्लेबाज फखर जमान ने सात चौकों की मदद से 48 रन बनाए, जबकि इमाम उल हक ने 64 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 45 रन बनाए। पांच मैचों की वनडे सीरीज में यह पाकिस्तान का छठवां क्लीन स्वीप है। साल 2008 के बाद पाकिस्तान किसी टीम के खिलाफ सीरीज के सभी मैच जीतने में सफल हुई है। इससे पहले जिम्बॉम्बे को 2002 व 2008, बांग्लादेश को 2003 व 2008 और न्यूजीलैंड को 2003 में पाक ने क्लीन स्वीप किया था। इस साल जून में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद पाक लगातार नौ मैच जीत चुका है, जबकि श्रीलंका लगातार 12 मैच हार चुका है। श्रीलंका दौरे पर गई भारतीय टीम ने श्रीलंका को 5-0 से मात दी थी। इससे पहले वो दो मैच चैंपियंस ट्रॉफी में हारा था।