भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने अपने जीवन के संस्मरणों को कलमबद्ध किया है जिसमें रिश्तों से लेकर दोस्ती तक और मैदान के भीतर तथा बाहर के विवादों पर भी खुलकर बात की है। धवन ने अपनी किताब द वन : क्रिकेट, माय लाइफ एंड मोर के बारे में कहा, क्रिकेट ने मुझे जीने का मकसद दिया लेकिन इस सफर में उतार-चढ़ाव और खामोश पल भी रहे। इसने मुझे वह इंसान बनाया जो आज मैं हूं। मैं दिल से अपनी कहानी कह रहा हूं जो ईमानदार और किसी फिल्टर के बिना है। दिल्ली में पले बढे़ धवन ने बतौर विकेटकीपर शुरुआत की थी लेकिन बाद में सलामी बल्लेबाज बने।
धोनी से पहली मुलाकात का भी किया जिक्र
भारत के लिए 34 टेस्ट में उन्होंने 2315 रन, 167 वनडे में 6793 रन और 68 टी-20 मैचों में 1759 रन बनाए हैं। धवन ने महेंद्र सिंह धोनी से पहली मुलाकात के बारे में लिखा है, मैं उन्हें एक बॉलीवुड मूवी में देखना चाहता था। वह फिल्म स्टार की तरह दिखता था। लंबे बाल और आकर्षक मुस्कान। हम आपस में बात कर रहे थे और मैंने उससे कहा कि मैं भारत के लिए खेलना चाहता हूं और मैं चाहता हूं कि तुम बॉलीवुड हीरो बनो। वह बहुत हंसने लगे।