भारतीय टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज के शुरुआती दो मैच जीतकर अजेय बढ़त बना ली है। दूसरा मैच जीतने के साथ ही भारत ने सीरीज भी अपने नाम कर ली और खिलाड़ियों ने खास अंदाज में इस जीत का जश्न मनाया। टीम के कप्तान शिखर धवन ने इस जश्न का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने के साथ ही भारत ने खास रिकॉर्ड अपने नाम किया है। टीम इंडिया लगातार 12 वनडे सीरीज में कैरिबियाई टीम को पटखनी दे चुकी है। यह विश्व रिकॉर्ड है। भारत के बाद पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे को लगातार 11 वनडे सीरीज में हराया है।
शिखर धवन ने भारतीय खिलाड़ियों के जश्न का जो वीडियो शेयर किया है, वह 11 सेकेंड का है। इसमें सभी खिलाड़ी जोश से भरे हुए दिख रहे हैं और जोर से चिल्लाते हुए जीत का जश्न मना रहे हैं। युवा खिलाड़ियों के बीच शिखर धवन मस्ती करने में सबसे आगे हैं और सभी खिलाड़ी उनके साथ जीत की खुशी मना रहे हैं।
शिखर धवन ने यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "टैलेंट आपको मैच जिताता है, लेकिन टीम वर्क और इंटेलिजेंस से चैंपियनशिप जीतते हैं! अद्भुत लड़ाई के लिए टीम को बधाई!"
दूसरे वनडे में एक समय मुकाबला भारत के हाथ से फिसलता हुआ नजर आ रहा था, लेकिन अक्षर पटेल ने तूफानी पारी खेलकर भारत को मैच जिताया और इसी के साथ टीम इंडिया ने सीरीज भी जीत ली।
दोनों मैच आखिरी ओवर में जीता भारत
इस सीरीज में वेस्टइंडीज ने भारत को कड़ी चुनौती दी है। दोनों मैचों में टीम इंडिया ने आखिरी ओवर में जीत हासिल की है। पहले मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी की थी और 305 रन बनाए थे। इसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम ने 302 रन बनाए और तीन रन से मैच हार गई। आखिरी ओवर में वेस्टइंडीज को जीत के लिए 15 रन चाहिए थे, लेकिन सिराज ने सिर्फ 11 रन दिए और भारत तीन रन से जीत गया। दूसरे मैच में वेस्टइंडीज ने 311 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारत ने भी 300 से ज्यादा रन बना लिए थे, लेकिन उसके आठ विकेट गिर गए थे। आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए आठ रन चाहिए थे। शुरुआती तीन गेंदों में सिर्फ दो रन बने, लेकिन चौथी गेंद पर अक्षर पटेल ने छक्का लगाकर भारत को दो विकेट से जीत दिला दी।
वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला 27 जुलाई को त्रिनिदाद में खेला जाएगा।