ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में अपने पहले ही मैच में धमाका करने वाले शिखर धवन आईपीएल में उतरने को बेताब हैं।
टेस्ट सीरीज के दौरान चोट लगने के कारण अपनी टीम सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा बनने से चूकने वाले शिखर धवन अब पूरी तरह फिट हैं।
चोट से उबर चुके शिखर धवन आईपीएल-6 में खेलने को तैयार हैं लेकिन इसके लिए उन्हें राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) से हरी झंडी मिलने का इंतजार है।
धवन को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली टेस्ट के दौरान चोट लगी थी और वह छह सप्ताह के लिए मैदान से बाहर हो गए थे।
मोहाली में अपने डेब्यू टेस्ट में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 187 रन की शानदार पारी खेली थी और रातों रात स्टार बन गए थे।
धवन आईपीएल-6 में अभी तक नहीं खेल पाए हैं। सनराइजर्स के कोच टाम मूडी ने ट्वीट किया है, 'उम्मीद है कि धवन अगले दस दिन के भीतर खेलने के लिए उपलब्ध हो जाएंगे।
धवन परिवार के साथ वक्त बिताने ऑस्ट्रेलिया गए थे। धवन ने भी कहा कि उम्मीद है कि मैं जल्दी ही मैदान पर उतरुंगा।
सनराइजर्स को धवन से बडी उम्मीदें हैं। टीम ने अब पांच मैचों में तीन जीते हैं और दो हारे हैं। वह अंकतालिका में इस समय चौथे स्थान पर है।