चैंपियंस ट्रॉफी में अपने बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले शिखर धवन को जब पूरे टूर्नामेंट के दौरान आतिशी बल्लेबाजी के लिए सराहा गया, तो उनके मन में टीस उठ रही थी।
यह टीस उत्तराखंड के बाढ़ पीड़ितों के दुख के कारण थी। आम तौर पर मूंछों पर ताव देने वाले इस बल्लेबाज का दिल पिघल रहा था और उन्होंने अपना यह अवॉर्ड उत्तराखंड के उन लोगों को समर्पित किया, जिन्होंने तेज बारिश और बाढ़ में अपनी जान गंवाई।
मैच के बाद शिखर ने कहा, 'मैं अपने प्रदर्शन के लिए मिले पुरस्कार को उन लोगों को समर्पित करता हूं, जो उत्तराखंड में आई भीषण बाढ़ में मारे गए हैं। मेरी प्रार्थनाएं उनके साथ हैं।'
भारतीय खिलाड़ियों के अपने पुरस्कार को किसी खास शख्स या तबके लिए समर्पित करने की रवायत शुरू करने का श्रेय युवराज सिंह को जाता है। उन्होंने हाल में टीम की जीत को दिल्ली की गैंगरेप पीड़िता को समर्पित किया था।
इसके अलावा वेस्टइंडीज के खिलाफ मैन ऑफ द मैच बने मनोज तिवारी ने अपने जोरदार प्रदर्शन के बाद उन लोगों को श्रद्धांजलि देने का फैसला किया, जो कोलकाता के एएमआरआई अस्पताल में लगी आग में मारे गए थे।