वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज शेल्डन कॉट्रेल ने मौजूदा विश्व चैंपियन भारतीय नेत्रहीन क्रिकेट टीम की तारीफ की जब क्रिकेटरों ने जमैका में सेना के एक शिविर के दौरान उनसे मुलाकात की।
यह भारतीय नेत्रहीन टीम का पहला जमैका दौरा है। वे तीन वनडे और दो टी-20 मैचों की सीरीज में जमैका की नेत्रहीन टीम से खेलेंगे। कॉट्रेल ने भारतीय खिलाड़ियों के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट कर अपने चिर-परिचित जश्न मनाने के अंदाज में सलाम किया।
उन्होंने ट्वीट किया, 'भारतीय नेत्रहीन क्रिकेट टीम जमैका के ऐतिहासिक दौरे पर। मैंने सेना के शिविर में उनसे मुलाकात की। इन खिलाड़ियों और उनकी उपलब्धियों को सलाम।'
29 वर्षीय कोट्रेल ने विंडीज की ओर से अब तक दो टेस्ट, 23 वनडे और 13 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। टेस्ट मैचों में कोट्रेल के नाम 2 जबकि वनडे में 29 विकेट दर्ज हैं। टी-20 में इस कैरेबियाई गेंदबाज ने 20 विकेट निकाले हैं।