अमूमन क्रिकेट के खेल में या तो बल्लेबाज या गेंदबाज ही शतक लगाते हैं लेकिन इस बार मैदान पर मौजूद रहने वाले अंपायर ने भी शतक ठोक दिया है।
अनुभवी अंपायर सुरेश शास्त्री 100 से अधिक प्रथम श्रेणी मैचों में अंपायरिंग करने वाले पहले भारतीय अंपायर बन गए हैं।
शास्त्री ने हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में हैदराबाद और केरल के बीच सोमवार से शुरू हुए रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मुकाबले में मैदान पर उतरने के साथ ही यह उपलब्धि अपने नाम कर ली।
यह महज इत्तफाक ही है कि सुरेश शास्त्री ने 1990-91 में हैदराबाद और केरल के खिलाफ ही अपने अंपायरिंग करियर की शुरुआत की थी। शास्त्री अब तक दो टेस्ट, 19 वनडे और एक ट्वंटी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भी अपनी सेवा दे चुके हैं।
इसके अलावा वह कई अंतरराष्ट्रीय मैचों में बतौर टीवी अंपायर भी अपनी भूमिका निभा चुके हैं। 58 वर्षीय शास्त्री 2006 से 2009 तक आईसीसी अंपायर पैनल में भी रहे हैं।
सुरेश शास्त्री इसके अलावा राजस्थान की ओर से 53 रणजी ट्रॉफी मैच भी खेल चुके हैं जिसमें बतौर लेफ्ट आर्म स्पिनर उनके नाम 155 विकेट और 968 रन दर्ज हैं।