ऑलराउंडर शकीब अल हसन की अंगुली में फ्रेक्चर होने से बांग्लादेश को अगले हफ्ते से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज से पहले करारा झटका लगा। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने इस हरफनमौला खिलाड़ी के चोटिल होने की जानकारी दी।
बीसीबी के अनुसार बांग्लादेश प्रीमियर लीग टी-20 टूर्नामेंट के छठे सत्र के फाइनल में बल्लेबाजी करते हुए उनकेबाएं हाथ की अंगुली में चोट लग गई। बीसीबी के वरिष्ठ फिजियो देबाशीष चौधरी ने कहा, 'मैच के बाद एक्स रे में इस फ्रेक्चर की पुष्टि हुई और उन्हें करीब तीन हफ्ते तक आराम की जरूरत पड़ेगी।'
बांग्लादेश की टीम इस दौरे पर तीन वनडे और तीन टेस्ट मैच खेलेगी। इससे पहले तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद भी मांसपेशियों में खिंचाव के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए थे।