बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट और टी-20 सीरीज की शुरुआती टीम में शाकिब-अल-हसन को जगह दी है। इससे भ्रष्ट संपर्क की जानकारी नहीं देने के कारण प्रतिबंध के बाद इस स्टार ऑलराउंडर ने टीम में वापसी की है। आईपीएल के दौरान कथित भारतीय सट्टेबाज के भ्रष्ट संपर्क की जानकारी देने में विफल रहने पर बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को दो साल के लिए प्रतिबंधित किया गया था, जिसमें एक साल का निलंबित प्रतिबंध था।
शाकिब का यह प्रतिबंध पिछले साल 29 अक्तूबर को खत्म हुआ। इस प्रतिबंध से पहले वह बांग्लादेश के टेस्ट और टी-20 कप्तान थे। वन-डे प्रारूप में देश के सबसे सफल गेंदबाज और पूर्व कप्तान मशरेफ मुर्तजा को 24 सदस्यीय वनडे टीम में शामिल नहीं किया गया है। चुने गए खिलाड़ी अगले हफ्ते ट्रेनिंग शिविर में हिस्सा लेंगे और 14 और 16 जनवरी को दो अभ्यास मैच खेलेंगे।
वेस्टइंडीज के बांग्लादेश दौरे की शुरुआत 20 जनवरी को ढाका में वन-डे मैच से होगी। अन्य दो वनडे 22 जनवरी (ढाका) और 25 जनवरी (चटगांव) को खेले जाएंगे। पहला टेस्ट तीन से सात फरवरी तक चटगांव जबकि दूसरी टेस्ट 11 से 15 फरवरी तक ढाका में होगा।