बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने एक बार फिर दिखा दिया है वो दुनिया के नंबर एक ऑलराउंडर क्यों हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ढाका में खेले जा रहे पहले टेस्ट में पहले दिन शाकिब ने 84 रन की पारी खेल बांग्लादेश को 260 रन के स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के पांच बल्लेबाजों को पवेलियन लौटाकर बांग्लादेश को पहली पारी में 43 रन की बढ़त भी दिला दी। शाकिब ने करियर में 16वीं बार एक पारी में पांच या उससे अधिक विकेट हासिल किए।
मुथैया मुरलीधरन का तोड़ा रिकॉर्ड
शाकिब अल हसन
इसके साथ ही शाकिब ने श्रीलंका के दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन का एक रिकॉर्ड तोड़ डाला। शाकिब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवा विकेट हासिल करते ही श्रीलंका के रंगना हेराथ, मुथैया मुरलीधरन और डेल स्टेन के इलीट क्लब में शामिल हो गए हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने नौ अलग-अलग टेस्ट देशों के खिलाफ पांच विकेट झटके हैं। शाकिब ने यह कारनामा सबसे तेजी से अपने कैरियर के 50वें टेस्ट में कर दिखाया है। इससे पहले मुरलीधरन ने 66 टेस्ट में यह कामयाबी हासिल की थी।
इस मामले में केवल इयान बॉथम से पीछे
शाकिब अल हसन
एक टेस्ट में अर्धशतक जड़ने के बाद पांच विकेट लेने का कारनामा शाकिब ने करियर में आठवीं बार किया है। घरेलू सरजमीं पर उन्होंने सातवीं बार ये कारनामा किया है। यह कारनामा करने के मामले में वो इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज इयान बॉथम के बाद दूसरे पायदान पर आ गए हैं। बॉथम ने करियर में 11 बार किसी मैच में पचासा जड़ने के बाद पांच विकेट लिए थे। इसके बाद तीसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के दिग्गज रिचर्ड्स हेडली हैं। हेडली ने करियर में 6 बार ये कारनामा किया था।