वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे और तीन टी-20 मैच की सीरीज के लिए शाहरुख खान और रवि साई किशोर को भारतीय टीम के साथ जोड़ा गया है। ये दोनों रिजर्व खिलाड़ी के रूप में टीम इंडिया का हिस्सा बनेंगे। शाहरुख खान मैच फिनिशर के भूमिका निभाने के लिए जाने जाते हैं। वहीं रवि श्रीनिवास साई किशोर बाएं हाथ के स्पिनर हैं। इन दोनों खिलाड़ियों ने तमिलनाडु के लिए घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है।
कोरोना महामारी की स्थिति को ध्यान में रखते हुए इन दोनों खिलाड़ियों को एहतियातन टीम के साथ जोड़ा गया है। मौजूदा समय में कोरोना के मामले काफी ज्यादा हैं और अधिकतर सीरीज के बीच में कई टीमों के खिलाड़ी कोरोना से संक्रमित हो रहे हैं। ऐसे में किसी भी भारतीय खिलाड़ी के संक्रमित होने की संभावना बहुत ज्यादा है। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए इन दोनों खिलाड़ियों को रिजर्व के तौर पर रखा गया है।
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "हां, शाहरुख और साई किशोर को विंडीज सीरीज के लिए स्टैंड बाई के तौर पर बुलाया गया है। वे टीम के मुख्य खिलाड़ियों के साथ बायो बबल में रहेंगे।"
छह से 20 फरवरी के बीच होंगे छह मैच
भारत और वेस्टइंडीज के बीच अहमदाबाद के मैदान पर तीन वनडे मैच की सीरीज खेली जाएगी। पहला वनडे छह फरवरी, दूसरा नौ फरवरी और तीसरा मैच 11 फरवरी को खेला जाएगा। इसके बाद कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। टी-20 सीरीज का पहला मैच 16 फरवरी, दूसरा मैच 18 फरवरी और तीसरा मैच 20 फरवरी को खेला जाएगा।
दूसरी बार भारतीय टीम के साथ जुड़ेंगे साई किशोर
रवि साई किशोर दूसरी बार भारतीय टीम के साथ जुड़ेंगे। इससे पहले वो श्रीलंका दौरे में भारतीय टीम का हिस्सा थे। इस समय भी राहुल द्रविड़ भारतीय टीम के साथ कोच के रूप में गए थे। वहीं विराट और शास्त्री की अगुवाई वाली टीम इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज खेल रही थी। श्रीलंका के दौरे पर साई किशोर नेट गेंदबाज के रूप में शामिल किए गए थे। वहीं शाहरुख खान भारत की मुख्य टीम में जगह बनाने की रेस में थे, लेकिन अब उन्हें रिजर्व के रूप में मौका मिला है।
घरेलू क्रिकेट में कमाल का प्रदर्शन
शाहरुख खान लगातार अहम मौकों पर तमिलनाडु के लिए रन बनाते आए हैं। इस सीजन में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में उन्होंने कर्नाटक के खिलाफ आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। इसी मैच में साई किशोर को तीन विकेट मिले थे। विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक के खिलाफ शाहरुख ने 39 गेंदों में 79 रन बनाए और हिमाचल के खिलाफ फाइनल में उन्होंने 21 गेंदों में 42 रन की पारी खेली थी।
इन दोनों खिलाड़ियों को अभी भारत के लिए खेलने का मौका मिलना मुश्किल है, क्योंकि कोच द्रविड़ और कप्तान रोहित शर्मा पहले से टीम में मौजूद खिलाड़ियों को ज्यादा मौके देना चाहेंगे। आने वाले कुछ महीनों में भारत को श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी वनडे सीरीज खेलनी है। ऐसे में आगे चलकर युवा खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है। साई किशोर भी वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में एक नेट गेंदबाज के रूप में ही टीम का हिस्सा होंगे, क्योंकि कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, वाशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ियों को पहले मौका मिलना तय है।