लगता है पाक कप्तान शाहिद अफरीदी अब नाराज हो चले हैं। मंगलवार को वह साथी खिलाड़ियों के साथ प्रैक्टिस करने मैदान में नहीं पहुंचे। बुधवार को पाक का बांग्लादेश के खिलाफ मैच होना है। हालांकि मीडिया में एक बार फिर अपने दिल की बात जरुर कही।
अफरीदी ने कुछ दिन पहले कहा था कि वह पाकिस्तान से ज्यादा प्यार भारत में महसूस करते हैं। उनके इस बयान के बाद काफी हंगामा हुआ। पहले सोशल मीडिया में उनकी कड़ी आलोचना की गई।
फिर पूर्व पाक कप्तान जावेद मियादांद ने भी उन्हें खरी-खोटी सुनाई और यहां तक कह दिया, शर्म करो अफरीदी। बात यहां भी नहीं रुकी। पाक के एक वरिष्ठ वकील ने अफरीदी को कानूनी नोटिस भेजकर सवाल किया है कि आप पाक फैंस के लिए ऐसा कैसे कह सकते हैं? जवाब भी मांगा है।
वहीं, दूसरी ओर आलोचनाओं से घिरे अफरीदी मंगलवार को कुछ उखड़े-उखड़े से दिखे। उन्होंने कहा कि यह बात गलत विचारों से नहीं की गई, बल्कि यह तो सिर्फ फैंस को एक सकारात्मक संदेश था।
टीम के हेड कोच वकार युनूस ने भी अफरीदी का साथ दिया और कहा कि अफरीदी ने ये बातें गलत भावनाओं से नहीं कही थी। उसके बयानों को गलत तरीके से दिखाया गया है।