एशिया कप टी-20 में टीम इंडिया के खिलाफ 'महामुकाबले' से पहले पाकिस्तान टीम के कप्तान शाहिद अफरीदी ने ही अपनी ही टीम को उलझा दिया है।
पाक टीम को एशिया कप में अपना अभियान दुनिया की नंबर वन टीम भारत के खिलाफ 27 से शुरू करना है लेकिन इस बड़े मुकाबले से 2 दिन पहले ही अफरीदी ने एक ऐसा बयान जारी कर दिया जिससे उनका क्रिकेट बोर्ड उलझकर रह गया है।
विस्फोटक बल्लेबाज अफरीदी ने मार्च में भारत में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के बाद संन्यास लेने की बात कही थी। लेकिन अब उन्होंने अपने संन्यास लेने के फैसले पर फिर से विचार करने की बात कहकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को सांसत में डाल दिया है। बोर्ड से जुड़े एक करीबी सूत्र का दावा है कि उनके इस फैसले के बाद हर कोई हैरान हो गया है।
सूत्र ने कहा, "मुख्य चयनकर्ता तो टी-20 वर्ल्ड के बाद अफरीदी से संन्यास लेने के बाद की स्थिति के आधार पर बोर्ड प्रमुख के साथ चर्चा भी कर चुके थे।" आतिशी बल्लेबाजी में माहिर अफरीदी ने पिछले साल वर्ल्ड कप के बाद संन्यास ले लिया था। वह वनडे से पहले भी संन्यास लेने की बात कह चुके थे और फाइनली पिछले साल वनडे क्रिकेट को अलविदा कह दिया।
अफरीदी ने क्या कहा था अपने संन्यास पर
36 साल के पाक टीम के टी-20 कप्तान शाहिद अफरीदी ने पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के समापन समारोह के दौरान मीडिया से कहा था कि उन पर इस बात का परिवार, दोस्त और घर के बड़े साथियों की ओर से खासा दबाव है कि उन्हें अभी टी-20 क्रिकेट से संन्यास लेने की कोई जरुरत नहीं है।
अफरीदी ने कहा, "इस समय मेरे परिवार और मेरे दोस्तों जिसमें घर के बड़े भाई भी शामिल हैं का मुझ पर खासा दबाव है जिनका मानना है कि मुझे टी-20 में संन्यास लेने की कोई जरुरत नहीं है। मुझ पर बहुत दबाव है। फिलहाल, मैं इस समय सिर्फ वर्ल्ड कप पर ध्यान दे रहा हूं। यह मेरे लिए बड़ी चुनौती है।"
इस मामले पर जब पाक टीम के मुख्य चयनकर्ता हारुन रशीद से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि इस समय हर किसी का ध्यान एशिया कप और टी-20 वर्ल्ड कप पर है। उन्होंने कहा, "जब संन्यास की बात आती है तो हर खिलाड़ी भावुक हो जाता है और अफरीदी उसमें से अलग नहीं हैं। लेकिन मैं समझता हूं कि उन्हें यह सब साफ करना चाहिए। अब हमें सिर्फ इंतजार और देखना होगा।"
अफरीदी ने अपने करियर में 27 टेस्ट मैच खेले हैं और उन्होंने इस 5 दिनी खेल से 2010 में उस समय संन्यास ले लिया था जब टीम इंग्लैंड के दौरे पर गई हुई थी। उन्होंने अब तक 90 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।