पाकिस्तान को टी20 विश्व कप से पहले झटका लग सकता है क्योंकि उसके स्टार तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी चोटिल हो गए हैं। शाहीन को बिग बैश लीग (बीबीएल) में खेलने के दौरान घुटने में चोट लगी है। शाहीन ब्रिस्बेन हीट के लिए एडिलेड स्ट्राइकर्स के खिलाफ मैच में हिस्सा ले रहे थे। शाहीन अपना स्पैल भी पूरा नहीं कर सके और उन्होंने तीन ओवर में 26 रन दिए, जबकि उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला।
शाहीन को किस तरह लगी चोट
शाहीन को स्ट्राइकर की पारी के 14वें के दौरान चोट लगी जब जैमी ओवरटन ने एक जोरदार शॉट खेला और गेंद मिड-ऑन के पास से निकल गई। मिड-ऑन पर खड़े शाहीन ने गेंद का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन उनके पैर लड़खड़ाने लगे। साफ तौर पर उनके घुटने में दर्द दिख रहा था। ओवर खत्म होने पर अफरीदी मैदान से बाहर चले गए और अपने दाहिने घुटने की ओर इशारा करने लगे।
अगले साल की शुरुआत में होने वाले टी20 विश्व कप में अब ज्यादा समय शेष नहीं रह गया है, ऐसे में पाकिस्तान को उम्मीद होगी कि शाहीन की चोट ज्यादा गंभीर ना हो। पाकिस्तान की टीम टी20 विश्व कप में 17 साल का खिताबी सूखा समाप्त करने उतरेगी। पाकिस्तान ने 2009 में इस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया था। पाकिस्तान सात फरवरी से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत नीदरलैंड्स के खिलाफ करेगा।
बीबीएल में अच्छा नहीं रहा है शाहीन का सफर
शाहीन शाह अफरीदी का बीबीएल टूर्नामेंट में अब तक का सफर चुनौतीपूर्ण रहा है। उन्होंने चार मैचों में सिर्फ दो विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी रेट 11.19 रही है। उनका बीबीएल डेब्यू भी निराशाजनक साबित हुआ क्योंकि 15 दिसंबर को जिलोंग के सिमोंड्स स्टेडियम में ब्रिस्बेन हीट और मेलबर्न रेनेगेड्स के बीच हुए मैच के दौरान उन्हें गेंदबाजी से हटाया गया था।