पाकिस्तान की टी20 टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने भरोसा जताया है कि तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी घुटने की चोट से पूरी तरह उबरकर अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप में खेलते नजर आएंगे। शाहीन अफरीदी पाकिस्तान के तेज गेंदबाजी आक्रमण की रीढ़ माने जाते हैं और भारत व श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले टी20 विश्व कप में उनकी भूमिका बेहद अहम होगी। हालांकि, उनकी वापसी को लेकर अंतिम फैसला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के मेडिकल पैनल की रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा।
सलमान आगा ने दिया शाहीन की फिटनेस पर अपडेट
दांबुला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सलमान अली आगा ने कहा, 'हमें पूरी उम्मीद है कि शाहीन विश्व कप के लिए फिट हो जाएंगे, लेकिन अंतिम निर्णय मेडिकल पैनल की सलाह पर पीसीबी करेगा।' फिलहाल शाहीन अफरीदी लाहौर स्थित हाई परफॉर्मेंस सेंटर में पीसीबी के मेडिकल पैनल की निगरानी में रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। उन्हें ऑस्ट्रेलिया में बिग बैश लीग के दौरान फील्डिंग करते समय घुटने में चोट लगी थी, जिसके बाद पीसीबी ने उन्हें स्वदेश वापस बुलाकर इलाज शुरू कराया।
'टी20 विश्व कप के लिए टीम मजबूत'
कप्तान सलमान ने यह भी कहा कि पाकिस्तान ने विश्व कप के लिए एक संतुलित और मजबूत टीम तैयार की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि श्रीलंका में होने वाली आगामी सीरीज से खिलाड़ियों को वहां की परिस्थितियों के अनुरूप ढलने में मदद मिलेगी। पाकिस्तान अपने सभी टी20 विश्व कप मैच श्रीलंका में खेलेगा। सलमान अली आगा ने कहा, 'यह सीरीज हमारे खिलाड़ियों के लिए बेहद अहम है। इससे उन्हें स्थानीय परिस्थितियों को समझने में मदद मिलेगी, खासकर उन खिलाड़ियों को जिन्होंने श्रीलंका में ज्यादा क्रिकेट नहीं खेला है।' पाकिस्तानी टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि शाहीन अफरीदी की फिटनेस समय पर लौटेगी और वह विश्व कप में टीम के लिए निर्णायक भूमिका निभाएंगे।