एशिया कप 2025 के सुपर-4 के अंतिम और अहम मुकाबले से पहले पाकिस्तान के स्टार तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने हारिस रऊफ और साहिबजादा फरहान के आक्रामक जश्न को लेकर चुप्पी तोड़ी। भारत के खिलाफ पिछले मैच में रऊफ के फैन्स की तरफ देखकर उकसाने वाले इशारे और फरहान के 'गन फायरिंग' जैसे सेलिब्रेशन को लेकर सवाल पूछे जाने पर शाहीन ने कहा कि इसको लेकर कोई विशेष रणनीति नहीं थी।
'लोग क्या सोचते हैं, वह उनका काम है'
शाहीन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'इसको लेकर कोई खास तैयारी नहीं की थी। हम हमेशा से आक्रामक खेलते आए हैं। यह क्रिकेट का हिस्सा है और इससे टीम का मनोबल ऊंचा रहता है। उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान का ध्यान केवल एशिया कप जीतने पर है। शाहीन ने कहा, 'हम यहां एशिया कप जीतने आए हैं। पाकिस्तान के फैन्स को खुश करने के लिए खेल रहे हैं। लोग क्या सोचते हैं, क्या कहते हैं, वह उनका काम है। हमारा काम मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करना है।'
सूर्यकुमार के बयान पर शाहीन की प्रतिक्रिया
हाल ही में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा था कि भारत-पाकिस्तान मुकाबलों को अब प्रतिद्वंद्विता कहना गलत है क्योंकि यह पूरी तरह एकतरफा हो गए हैं। सूर्यकुमार ने 12-3 के हेड-टू-हेड आंकड़े का हवाला देते हुए कहा था कि 'प्रतिद्वंद्विता वहीं होती है जहां मुकाबला बराबरी का हो।'
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शाहीन ने कहा, 'यह उनकी राय है, उन्हें कहने दो। जब हम फाइनल में मिलेंगे तो देखेंगे कि क्या होता है..क्या नहीं। तब देख लेंगे। हमारा ध्यान केवल टूर्नामेंट जीतने पर है।' यह पूछे जाने पर कि भारत-पाकिस्तान तनाव के कारण क्या चल रहा है। इस पर उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में मुस्कुराते हुए पत्रकार से ही सवाल दाग दिए। उन्होंने कहा, ' आप बताओ क्या चल रहा है?' इस पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद लोग हंस पड़े।