शादाब नजर ने पांच विकेट लेकर रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल मैच के पहले दिन उत्तर प्रदेश को महज 134 रन पर समेट दिया। यूपी को मात्र 34 ओवर में समेटने के बाद सर्विसेज ने दिन का खेल समाप्त होने तक पांच विकेट पर 154 रन बनाकर मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। स्टंप्स के समय रजत पालीवाल 36 और सरबजीज सिंह 31 रन बनाकर खेल रहे थे।
सर्विसेज ने टॉस जीतकर यूपी को पहले बल्लेबाजी के लिए कहा। यूपी की शुरुआत खराब रही और 76 रन तक उसके आठ विकेट गिर गए। ऐसे में इम्तियाज अहमद ने 35 गेंदों पर तीन चौके और चार छक्के की मदद से 53 रन की नाबाद पारी खेल टीम को 100 के पार पहुंचाया।
पीयूष चावला ने 28 और तन्मय श्रीवास्तव ने 20 रन बनाए। इसके अलावा यूपी के कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। जवाब में ओपनर नकुल वर्मा (27) तथा अंशुल गुप्ता (26) ने 47 रन की साझेदारी कर सर्विसेज को ठोस शुरुआत दिलाई।
पंजाब के खिलाफ झारखंड की सधी शुरुआत
जमशेदपुर। ओपनर रमीज नेमत के नाबाद 97 और इशांक जग्गी के नाबाद 50 रन की मदद से पंजाब के खिलाफ मुकाबले में झारखंड ने मैच के पहले दिन तीन विकेट पर 195 रन बना लिए हैं। हालांकि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी झारखंड की शुरुआत खराब रही। आकाश वर्मा मात्र चार रन बनाकर आउट हो गए।