न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में भारतीय टीम के चयनकर्ता सीनियर खिलाड़ियों को आराम दे सकते हैं। इस सीरीज में लोकेश राहुल को भारत का कप्तान बनाया जा सकता है। वहीं कोहली और रोहित जैसे सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जा सकता है। ये खिलाड़ी लंबे समय से बायो बबल में हैं और लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं। जसप्रीत बुमराह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ हार के बाद इस बारे में बात भी की थी। इस वजह से इस सीरीज में सीनियर खिलाड़ियों को आराम मिलना तय है।
इस बीच वीरेन्द्र सहवाग ने कहा है कि अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 वर्ल्डकप के लिए भारत युवा खिलाड़ियों को तैयार कर सकता है। उन्होंने पांच खिलाड़ियों के नाम बताए हैं, जो ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 वर्ल्डकप में भारत के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। इनमें से तीन खिलाड़ी मौजूदा वर्ल्डकप में भारत के लिए खेल रहे हैं और एक खिलाड़ी रिजर्व के रूप में भारतीय टीम के साथ है। वहीं एक खिलाड़ी ने हाल ही में भारत के लिए पहला मैच खेला था।
सहवाग ने इन पांच बल्लेबाजों पर जताया भरोसा
वीरेन्द्र सहवाग ने अपने फेसबुक पेज वीरूगिरी पर कहा "इशान किशन, सूर्यकुमार यादव, लोकेश राहुल, ऋतुराज गायकवाड़ और श्रेयस अय्यर अगले वर्ल्डकप में भारत के लिए अहम खिलाड़ी हो सकते हैं। इन खिलाड़ियों को मौका देकर इन्हें और निखारा जा सकता है, क्योंकि ये भविष्य हैं। इसलिए बाकी सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जा सकता है, ताकि ये खिलाड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में खेलकर कुछ अनुभव हासिल कर सकें और खुद को अगले वर्ल्डकप के लिए तैयार कर सकें।"
17 नवंबर से शुरू होगी टी-20 सीरीज
वर्ल्डकप के बाद 17 नवंबर से भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज शुरू होगी। पहला मैच जयपुर में खेला जाएगा। इसके बाद रांची और कोलकाता में मैच होंगे। टी-20 के बाद दो टेस्ट मैचों की सीरीज भी होगी। भारत की मौजूदा टीम लंबे समय से बायो बबल में है। ऐसे में सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जा सकता है।