पाकिस्तान की टीम भले ही मौजूदा समय में अच्छा प्रदर्शन कर रही हो, लेकिन कई सीनियर क्रिकेटर्स देश के वर्तमान घरेलू क्रिकेट के ढांचे से असंतुष्ट हैं। कई पूर्व खिलाड़ियों ने कहा है कि डिपार्टमेंटल क्रिकेट को खत्म करने का फैसला गलत था और इसके लिए उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और क्रिकेटर इमरान खान को दोषी ठहराया।
अनुभवी पाकिस्तान विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल देश में डिपार्टमेंटल क्रिकेट को समाप्त करने को लेकर सवाल उठाने वाले पहले व्यक्ति नहीं हैं। अकमल ने कहा है कि इससे कई प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया है। अकमल ने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा- दुर्भाग्य से पीसीबी और इमरान खान ने अनावश्यक प्रयोग किया। इस वजह से पाकिस्तान क्रिकेट प्रणाली खराब स्थिति में है। इसने पाकिस्तान क्रिकेट को बहुत नुकसान पहुंचाया।
कामरान अकमल
अकमल ने मौजूदा पाकिस्तानी क्रिकेट के बारे में भी बात की और स्वीकार किया कि एक लीडर के तौर पर बाबर आजम के प्रदर्शन को आंकना जल्दबाजी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि टीम में मैच विजेताओं की कमी है। अकमल ने कहा- टीम बाबर आजम के नेतृत्व में अच्छा प्रदर्शन कर रही है, ऐसा कहना जल्दबाजी है। बाबर युवा हैं और अभी उन्होंने सिर्फ एक साल पाकिस्तान टीम की कप्तानी की है। आगे और चुनौतियां आना बाकी है।
अकमल ने कहा- पाकिस्तान के पास वह टीम नहीं है जो उसके पास आठ से दस साल पहले हुआ करती थी। तब हमारे पास पांच से छह मैच विनर हुआ करते थे। पाकिस्तान क्रिकेट टीम अगले दो टेस्ट श्रीलंका में खेलेगी। पहला मैच 16 जुलाई को गाले में खेला जाएगा, जबकि दूसरा 24 जुलाई से कोलंबो में खेला जाएगा। वहीं, टी-20 विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलिया जाने से पहले पाकिस्तानी टीम नीदरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी।