बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा कूच बिहार ट्रॉफी (पुरुष अंडर-19) सत्र 2026-27 के लिए चयन ट्रायल का आयोजन 18 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक पटना के मोइन-उल-हक स्टेडियम में किया जाएगा। चयन ट्रायल प्रतिदिन सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगा। सभी संबंधित खिलाड़ियों को 18 नवंबर को सुबह 9 बजे मोइन-उल-हक स्टेडियम में रिपोर्ट करना अनिवार्य है। इस चयन ट्रायल में विनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए आयोजित तैयारी शिविर में शामिल खिलाड़ियों के अतिरिक्त अन्य पात्र खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
बिहार क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित बालक अंडर-19 रणधीर वर्मा वनडे ट्रॉफी में प्रदर्शन के आधार पर निर्धारित मानदंड पूरा करने वाले खिलाड़ियों को चयन ट्रायल में आमंत्रित किया जा सकता है। इसके तहत बल्लेबाज एवं विकेटकीपर के लिए न्यूनतम 120 रन, ऑलराउंडर के लिए न्यूनतम 100 रन बनाने के साथ 5 विकेट तथा गेंदबाज के लिए न्यूनतम 8 विकेट लेने का मानदंड निर्धारित किया गया है। इसके अलावा वैसे खिलाड़ी, जिन्होंने बीसीसीआई द्वारा मान्यता प्राप्त किसी भी टूर्नामेंट में बिहार क्रिकेट संघ की ओर से कम से कम एक मैच खेला हो और इस वर्ष अंडर-19 आयु वर्ग के लिए पात्र हों, वे भी इस चयन ट्रायल में भाग लेने के योग्य होंगे।
बिहार क्रिकेट संघ की ओर से सभी खिलाड़ियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने साथ क्रिकेट किट एवं वैध पहचान पत्र अवश्य लेकर आएं। आयु सत्यापन, शैक्षणिक अभिलेखों की जांच एवं पंजीकरण के लिए खिलाड़ियों को कंप्यूटर जनरेटेड जन्म प्रमाण पत्र, पिछले तीन शैक्षणिक वर्षों की स्कूल मार्कशीट, बोनाफाइड प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा बैंक पासबुक अथवा कैंसिल चेक की मूल प्रति साथ लानी होगी। इसके अतिरिक्त सभी दस्तावेजों की एक सेट रंगीन छायाप्रति भी जमा करनी होगी। बिहार क्रिकेट संघ ने सभी पात्र खिलाड़ियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों तथा क्रिकेट किट के साथ उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में भाग लें।