भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व आक्रामक और सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग एक बार फिर अपने ट्वीट को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स के बल्लेबाज ऋषभ पंत की तारीफ में कसीदे पढ़े हैं। शनिवार को पिता के देहांत के बाद टीम में वापसी करते हुए उन्होंने आरसीबी के खिलाफ शानदार अर्धशतक जड़ा और अपनी टीम को जीत के मुहाने तक ले गए। लेकिन आखिरी ओवर की पहली गेंद पर बोल्ड हो गए और मैच आरसीबी की झोली में चला गया। बावजूद इसके उनकी पारी की चारों ओर प्रशंसा हो रही है। अपनी इस पारी से ऋषभ ने अपनी मानसिक दृढ़ता का परिचय दिया है।
पंत की शानदार पारी को देखने के बाद वीरेंद्र सहवाग ने ट्वीट किया, "क्रिकेट के क्षेत्र में इतने बड़े नुकसान के बाद खेलने के लिए बड़े दिल की आवश्यकता होती है, ऋषभ पंत ने अपने पिता को खोने के बाद खेलने का फैसला लिया, जो उसने किया वह काबिले तारीफ है। इसके बाद भी अपनी विनम्रता को बनाए रखा, भगवान तुम्हारी रक्षा करे ऋषभ और इस दुख की घड़ी में तुम्हें शक्ति दे।"
May God Bless you @RishabPant777 . More power to you. Om Shanti ! pic.twitter.com/DusWew88wI
— Virender Sehwag (@virendersehwag) April 9, 2017
शनिवार को आरसीबी के खिलाफ 158 रनों का पीछा करते हुए पंत ने 57 रन की एक जिम्मेदार पारी खेली। पंत के अलावा कोई और बल्लेबाज डेयरडेविल्स की गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सका। हालांकि इस मैच में दिल्ली 15 रनों से हार गया, लेकिन युवा विकेटकीपर बल्लेबाज पंत ने जबर्दस्त पारी खेली।
ऐसी स्थिति में खेली गई बेहतरीन पारी उनको विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर जैसे खिलाड़ियों के साथ खड़ा करती है। आपको बता दें कि कोहली ने भी अपने पिता के निधन के बाद रणजी खेला था और मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर 1999 के विश्व कप के दौरान पिता को खो दिया था। उनका अंतिम संस्कार करने के बाद वह विश्नकप खेलने वापस लौटे थे और कीनिया के खिलाफ शानदार शतक जड़ा था।