दो नवंबर से क्रिकेट का जोरदार मुकाबला देखने को तैयार हो जाएं। एक नवंबर को भारतीय टीम के कई नामचीन सितारे गाजियाबाद पहुंचेंगे। स्टार खिलाड़ियों से सजी दिल्ली की टीम में शामिल वीरेंद्र सहवाग, विराट कोहली, उन्मुक्त चंद्र और ईशांत शर्मा बृहस्पतिवार सुबह प्रैक्टिस करने नेहरू स्टेडियम पहुंचेंगे। हालांकि यूपी के कप्तान खब्बू बल्लेबाज सुरेश रैना को प्रैक्टिस सेशन में देखना संभव नहीं होगा क्योंकि रैना बृहस्पतिवार देर रात मुंबई से गाजियाबाद पहुंचेंगे। अपने होटल में कुछ देर रुकने के बाद सीधे स्टेडियम आएंगे, जहां दिल्ली और यूपी की टीमें आपस में भिडेंगी।
दिल्ली टीम का बुधवार सुबह 10.30 बजे से नेहरू स्टेडियम पर प्रैक्टिस का शेड्यूल था लेकिन बाद में इसे एक दिन और आगे बढ़ा दिया। दिल्ली की टीम वहीं प्रैक्टिस कर रही है। एक दिन पहले टीम गाजियाबाद पहुंचकर स्टेडियम और पिच का निरीक्षण करेगी।
प्रैक्टिस में देखिये पसंदीदा क्रिकेटरों को
एक नवंबर को ही प्रैक्टिस सेशन के दौरान आपको आतिशी छक्कों और चौकों की बरसात देखने को मिलेगी। क्रिकेट के जानकारों का कहना है कि दिल्ली की टीम में विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और विराट कोहली के अलावा अंडर 19 वर्ल्ड कप विजेता उन्मुक्त चंद और गेंदबाज ईशांत शर्मा भी 1 नवंबर को गाजियाबाद पहुंच जाएंगे। गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन उमेश चोपड़ा ने बताया कि टीम गाजियाबाद में एक नवंबर की सुबह आएगी और होटल से सीधे स्टेडियम प्रैक्टिस के लिए पहुंच जाएंगी। इसके बाद फिर होटल में आराम करेगी।.
टीम यूपी ने कैच प्रैक्टिस पर किया फोकस
उत्तर प्रदेश की टीम ने मंगलवार को तीसरे दिन भी जमकर प्रैक्टिस की। कोच वेंकटेश प्रसाद खिलाड़ियों के साथ पूरे सेशन मौजूद रहे। टीम ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फील्डिंग और खास तौर पर कैच पकड़ने की प्रैक्टिस की। इस दौरान खिलाड़ियों ने बॉलिंग मशीन के जरिए भी अभ्यास किया। प्रवीण कुमार ने बॉलिंग के साथ-साथ बैटिंग का भी जमकर अभ्यास किया और बिल्कुल टी-20 की तरह आसमानी शॉट खेले।
यूपी टीम ने जहां पिछले दो दिनों में सुबह 8.30 बजे से प्रैक्टिस शुरू की थी, वहीं मंगलवार को 2.30 पूरी टीम स्टेडियम पहुंची। वार्मअप के बाद टीम ने नेट पर अभ्यास शुरू कर दिया। फिटनेस की समस्या को लेकर जहां पीयूष के मैच खेलने पर संशय बना हुआ है वहीं, पीयूष चावला मंगलवार को अभ्यास में डटे रहे। सुदीप त्यागी ने गेंदबाजी की प्रैक्टिस की। कोच वेंकटेश प्रसाद ने खिलाड़ियों को जहां कैच का अभ्यास कराया वहीं गेंदबाजों और बल्लेबाजों को भी टिप्स दिए।
मोहम्मद कैफ और प्रवीण कुमार ने नेट पर प्रैक्टिस के दौरान कई लंबे शॉट खेले जो बाउंड्री के पार जाकर गिरे। इस दौरान सभी खिलाड़ियों ने बारी-बारी से बॉलिंग मशीन के सामने भी स्पीड सेट कर फास्ट और स्पिन गेंदबाजी की प्रैक्टिस की। प्रैक्टिस के दौरान एकल्व्य द्विवेदी ने मिनी पैराशूट बांधकर दौड़ लगाई। भुवनेश्वर कुमार भी प्रैक्टिस में जुटे रहे। शाम 5.30 बजे टीम होटल रवाना हो गई।