बांग्लादेश विवाद पर आईसीसी का बयान, मैच शेड्यूल बदलने से किया इनकार
आईसीसी ने बीसीबी के उस अनुरोध को खारिज कर दिया है, जिसमें भारत में होने वाले अपने मैचों को श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग की गई थी। आईसीसी ने साफ कहा है कि भारत में बांग्लादेश टीम के लिए कोई विश्वसनीय या सत्यापित सुरक्षा खतरा नहीं पाया गया है। आईसीसी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि यह फैसला लेना आसान नहीं था, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने के इतने करीब शेड्यूल में बदलाव करना संभव नहीं था।
बयान के मुताबिक
- पिछले तीन हफ्तों से अधिक समय तक आईसीसी और बीसीबी के बीच कई दौर की बातचीत हुई।
- वीडियो कॉन्फ्रेंस और आमने-सामने बैठकों के जरिए पारदर्शी और रचनात्मक संवाद किया गया।
- बीसीबी की चिंताओं की समीक्षा की गई।
- आंतरिक और बाहरी स्वतंत्र सुरक्षा विशेषज्ञों से आकलन करवाया गया।
- केंद्र और राज्य स्तर की सुरक्षा व्यवस्था, साथ ही अतिरिक्त सुरक्षा प्रोटोकॉल की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
- आईसीसी के आकलन में यह निष्कर्ष निकला कि भारत में बांग्लादेश टीम, अधिकारियों या समर्थकों के लिए कोई ठोस सुरक्षा खतरा नहीं है।
- इसी आधार पर आईसीसी ने प्रकाशित टूर्नामेंट शेड्यूल में बदलाव न करने का फैसला किया।
आठ स्थलों पर होंगे विश्व कप के मैच
टी20 विश्व कप 2026 के मुकाबले भारत और श्रीलंका के आठ स्थलों पर आयोजित होंगे। भारत में कुल पांच स्थानों पर मैच खेलें जाएंगे, जबकि श्रीलंका के तीन स्थलों पर इस वैश्विक टूर्नामेंट के मैच आयोजित होंगे। भारत में दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता और अहमदाबाद इस टूर्नामेंट के मैचों की मेजबानी करेंगे। वहीं, कोलंबो का आर प्रेमादासा और एस स्पोर्ट्स क्लब में मैच होंगे, जबकि कैंडी का पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम भी मैच की मेजबानी करेगा।
20 टीमें ले रहीं हिस्सा
पिछले बार की तरह इस बार भी टी20 विश्व कप में 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन सभी टीमों को चार ग्रुप में बांटा गया है जिसमें प्रत्येक ग्रुप में पांच टीमें शामिल हैं। ग्रुप चरण के बाद सुपर आठ चरण होगा। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें इस चरण के लिए क्वालिफाई करेंगी। सुपर आठ चरण में आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा जिसमें प्रत्येक ग्रुप में चार टीमें होंगी। इनमें से दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी जिसके बाद दो टीमें फाइनल मुकाबला खेलेंगी। इस बार जो टीमें इस वैश्विक टूर्नामेंट में खेलेंगी उनमें भारत, नामीबिया, नीदरलैंड्स, पाकिस्तान, अमेरिका, स्कॉटलैंड (बांग्लादेश की जगह), इटली, इंग्लैंड, नेपाल, वेस्टइंडीज, ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, ओमान, श्रीलंका, जिम्बाब्वे, अफगानिस्तान, कनाडा, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: खेल पर हावी सियासत: किस तरह IPL से शुरू हुआ विवाद विश्व कप तक पहुंचा, बांग्लादेश मामले पर अब तक क्या-क्या हुआ?
भारत-पाकिस्तान के बीच कोलंबो में होगा मैच
भारत टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका के खिलाफ सात फरवरी को करेगा। यह मुकाबला मुंबई में खेला जाएगा। इसके बाद भारत और नामीबिया के बीच मैच नई दिल्ली में 12 फरवरी को खेला जाएगा। फिर भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को टूर्नामेंट का महामुकाबला कोलंबो को आर प्रेमादासा स्टेडियम में खेला जाएगा। दरअसल, आईसीसी, बीसीसीआई और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के बीच समझौते के तहत 2027 तक भारत और पाकिस्तान के सभी मैच तटस्थ स्थल पर होंगे। यही कारण है कि दोनों टीमों के बीच मैच के मेजबानी कोलंबो करेगा। भारत ग्रुप चरण में अपना आखिरी मैच अहमदाबाद में 18 फरवरी को खेलेगा।
ये भी पढ़ें: T20 World Cup: बांग्लादेश के समर्थन में पाकिस्तान, 'ट्रॉफी चोर' नकवी के बड़े बोल; ICC पर लगाया पक्षपात का आरोप