काइल कोएत्जर (118) और मैथ्यू क्रास (106*) के शतकों की मदद से स्काटलैंड ने यहां श्रीलंका को सात विकेट से हरा दिया। स्काटलैंड की यह आईसीसी की पूर्ण सदस्यता प्राप्त टेस्ट खेलने वाले किसी देश पर पहली जीत है।
हालांकि इस मुकाबले को वनडे का पूर्ण दर्जा प्राप्त नहीं था लेकिन अगले महीने चैंपियंस ट्रॉफी में भाग लेने जा रही श्रीलंकाई टीम की तैयारियों के लिए यह झटका जरूर है। पिछली बार जब दोनों टीमों के बीच 2015 विश्व कप में मुकाबला हुआ था तब श्रीलंका ने 148 रन से एकतरफा जीत हासिल थी।
इस बार स्काटलैंड ने श्रीलंका को 287 रन पर रोक लिया। ओपनर कुसाल परेरा ने 57, दिनेश चांदीमल ने 79 और कप्पूगेदरा ने 71 रन बनाए। जवाब में कोएत्जर और मैथ्यू ने पहले विकेट पर 201 रन की साझेदारी कर स्काटलैंड की जीत का आधार तैयार कर दिया।