सार
वेस्टइंडीज महिला टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप-दो के मुकाबले में स्कॉटलैंड को सात रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ वेस्टइंडीज टीम चार अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई, जबकि स्कॉटलैंड तीसरे स्थान पर है।
महिला टी20 विश्व कप 2026 का रोमांच जारी है। गुरुवार को टूर्नामेंट का 12वां मुकाबला ग्रुप-दो की वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड की टीमों के बीच खेला गया। इस मैच में वेस्टइंडीज ने सात रनों से जीत दर्ज की। लीड्स में खेले गए इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी विंडीज टीम ने स्टेफनी टेलर की नाबाद 47 रनों की पारी की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 153 रन बनाए। जवाब में स्कॉटलैंड की टीम निर्धारित ओवरों में सिर्फ 146 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। उनके लिए डार्सी कार्टर ने सर्वाधिक 59 रनों की पारी खेली।
ग्रुप-दो की अंक तालिका का हाल
लगातार दूसरे मुकाबले में जीत के साथ वेस्टइंडीज की टीम ग्रुप-दो की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। उनके खाते में चार अंक हैं और नेट रन रेट +0.233 का हो गया। वहीं, जीत के साथ टूर्नामेंट में अपने अभियान का आगाज करने वाली स्कॉटलैंड दो अंक और +0.825 के नेट रन रेट के साथ तीसरे पायदान पर है। फिलहाल इस ग्रुप में शीर्ष पर इंग्लैंड की महिला टीम है, जिसने लगातार दो मुकाबलों में बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। वहीं चौथे, पांचवें और छठे पायदान पर क्रमश: श्रीलंका, न्यूजीलैंड और आयरलैंड की टीमें हैं।
ग्रुप-दो की अंक तालिका
| टीम |
मैच |
जीते |
हारे |
अंक |
नेट रन रेट |
| इंग्लैंड |
2 |
2 |
0 |
4 |
+2.763 |
| वेस्टइंडीज |
2 |
2 |
0 |
4 |
+0.233 |
| स्कॉटलैंड |
2 |
1 |
1 |
2 |
+0.825 |
| श्रीलंका |
2 |
1 |
1 |
2 |
-2.040 |
| न्यूजीलैंड |
2 |
0 |
2 |
0 |
-0.200 |
| आयरलैंड |
2 |
0 |
2 |
0 |
-1.492 |
वेस्टइंडीज की पारी
वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद धीमी रही। स्कॉटलैंड के गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी की, जिसके चलते टीम पावरप्ले में सिर्फ 33 रन ही बना सकी। कियाना जोसेफ और कप्तान हेली मैथ्यूज सस्ते में पवेलियन लौट गईं। इसके बाद शेमेन कैंपबेल ने पारी को संभालने का प्रयास किया और 26 गेंदों में 36 रन बनाए। उन्होंने डिएंड्रा डॉटिन (150वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच) के साथ तीसरे विकेट के लिए 35 रन जोड़े।
हालांकि, मध्यक्रम के लगातार विकेट गिरने से वेस्टइंडीज की टीम एक समय 85 रन पर पांच विकेट गंवाकर मुश्किल में नजर आ रही थी। ऐसे में जहजारा क्लैक्सटन ने कुछ आक्रामक शॉट लगाए और फिर अनुभवी स्टेफनी टेलर ने अंतिम ओवरों में विस्फोटक बल्लेबाजी की। टेलर ने सिर्फ 19 गेंदों में नाबाद 47 रन बनाए, जिसमें कई शानदार चौके शामिल रहे। स्कॉटलैंड की ओर से कैथरीन फ्रेजर सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने दो विकेट झटके, जबकि कैथरीन ब्राइस, रैचल स्लेटर और किर्स्टी गॉर्डन को एक-एक सफलता मिली।
स्कॉटलैंड की पारी
154 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कॉटलैंड ने शानदार शुरुआत की। कैथरीन फ्रेजर और डार्सी कार्टर ने वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाजों पर आक्रामक अंदाज में रन बटोरे और पहले पांच ओवर में टीम का स्कोर 51 रन तक पहुंचा दिया। हालांकि, छठे ओवर में कप्तान हेली मैथ्यूज ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने पहले फ्रेजर को आउट किया और फिर दो गेंद बाद कप्तान कैथरीन ब्राइस को पवेलियन भेज दिया।
इन दो झटकों के बाद स्कॉटलैंड की पारी लड़खड़ा गई और टीम ने सिर्फ सात रन के भीतर चार विकेट गंवा दिए। इसके बावजूद डार्सी कार्टर एक छोर पर डटी रहीं। उन्होंने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 62 गेंदों में 59 रन बनाए और टी20 विश्व कप में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। कार्टर ने एल्सा लिस्टर के साथ छठे विकेट के लिए 58 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। आखिरी ओवरों में स्कॉटलैंड को जीत के लिए तेज रन बनाने थे, लेकिन आलिया एलीन ने 19वें ओवर में कार्टर, लिस्टर और किर्स्टी गॉर्डन के विकेट लेकर मैच पूरी तरह वेस्टइंडीज की झोली में डाल दिया। निर्धारित 20 ओवर में स्कॉटलैंड की टीम 146 रन ही बना सकी और सात रन से मुकाबला हार गई। वेस्टइंडीज की ओर से हेली मैथ्यूज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए कतीन विकेट झटके। आलिया एलीन ने दो ओवर में 11 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि अफी फ्लेचर ने दो विकेट हासिल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।