सैमसन का तूफानी शतक
इन दिनों सैमसन केरल क्रिकेट लीग में कोचि ब्लू टाइगर्स के लिए खेलते नजर आ रहे हैं। रविवार को एरीज कोल्लम सेलर्स के खिलाफ मैच में स्टार बल्लेबाज ने 51 गेंदों में 121 रन बनाए और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। अपनी इस पारी के दौरान दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 14 चौके और छह छक्के लगाए और 237 रनों के लक्ष्य को बौना साबित कर दिया। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
मोहम्मद आशिक ने दिलाई रोमांचक जीत
सैमसन ने मोहम्मद शानू (39 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 52 गेंदों पर 89 रनों की विशाल साझेदारी की। उनके आउट होने के बाद, मोहम्मद आशिक ने 18 गेंदों पर तीन चौकों और पांच छक्कों की मदद से 45* रनों की तूफानी पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई। उन्होंने आखिरी गेंद पर शराफुद्दीन को लॉन्ग ऑन पर छक्का लगाकर मैच का रोमांचक अंत किया और जीत के लिए जरूरी छह रन पूरे कर लिए।