फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

क्या रहा मैच का टर्निंग प्वाइंट?: सैमसन ने गेंदबाजों का किया बचाव, बताया- भारत के हाथ से कहां फिसला मैच

Thu, 15 Oct 2026 10:53 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हैदराबाद

सार

वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में भारत को हार का सामना करना पड़ा, जिससे पांच मैचों की सीरीज अब 2-2 की बराबरी पर आ गई है। मैच के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने भारतीय गेंदबाजों का बचाव करते हुए कहा कि उभरते हुए तेज गेंदबाज अनुभव के साथ और बेहतर होंगे। उन्होंने साथ ही बताया कि भारत के हाथ से मैच कहां फिसला।
विज्ञापन
संजू सैमसन - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में भारत को 24 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद संजू सैमसन ने गेंदबाजों का बचाव करते हुए कहा कि उभरते हुए तेज गेंदबाज अनुभव के साथ और बेहतर होंगे। इसके साथ ही उन्होंने तिलक वर्मा के आउट होने को रन-चेज का टर्निंग प्वाइंट बताया। मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 247 रन बनाए, जिसमें शाई होप ने 50 गेंदों में नाबाद 102 रनों की शानदार पारी खेली। इसके जवाब में भारत की पूरी टीम 19.3 ओवरों में 223 रन पर सिमट गई। कीमो पॉल ने पांच विकेट चटकाकर पांच मैचों की सीरीज को 2-2 की बराबरी पर ला दिया।
विज्ञापन
Trending Videos

सैमसन बोले- बुमराह का कोई विकल्प नहीं 
सैमसन ने कहा कि आराम कर रहे जसप्रीत बुमराह का टीम में कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने इस तेज गेंदबाज को पीढ़ी में एक बार आने वाला गेंदबाज करार दिया, लेकिन साथ ही नए तेज गेंदबाजों को अनुभव मिलने के साथ बेहतर होने का पूरा समर्थन किया। सैमसन ने कहा, बुमराह एक पीढ़ी में एक बार आने वाले गेंदबाज हैं और हम बहुत भाग्यशाली हैं कि वह हमारे पास हैं। लेकिन हमारे पास कुछ वास्तव में अच्छी प्रतिभाएं भी सामने आ रही हैं। अर्शदीप ने बहुत अच्छा काम किया है और पिछले कुछ मैचों में प्रिंस यादव ने जिस तरह से गेंदबाजी की है, वह बेहद प्रभावशाली रहा है। हमारे पास वास्तव में अच्छी प्रतिभा है और हम जितना अधिक उन्हें खिलाएंगे, उनका समर्थन करेंगे और उन्हें मैच देंगे, वे उतने ही बेहतर होते जाएंगे।

भारतीय गेंदबाजी आक्रमण वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को रोकने में संघर्ष करती नजर आई, जहां मयंक यादव और अर्शदीप सिंह दोनों ने अपने चार-चार ओवरों में 52-52 रन लुटाए। पारी के आखिरी ओवर में शमार जोसेफ की शॉर्ट गेंद लगने से अर्शदीप के बाएं कंधे पर चोट लग गई, जिसके बाद उन्हें मेडिकल सहायता लेकर मैदान से बाहर जाना पड़ा। 

शाई होप - फोटो : PTI
शाई होप को जमकर सराहा 
सैमसन ने शाई होप की मैच जिताऊ पारी की सराहना करते हुए कहा कि वेस्टइंडीज के कप्तान ने नियंत्रण के साथ बल्लेबाजी की। उन्होंने कहा, वह वास्तव में बहुत अच्छा खेल रहे हैं और वह जो कर रहे हैं उसका हमें सम्मान करना चाहिए। होप बहुत अधिक जोखिम उठाए बिना कुछ बेहतरीन क्रिकेटीय शॉट खेल रहे हैं। जिस तरह से वह बल्लेबाजी कर रहे हैं उसके लिए हमें उन्हें श्रेय देना निश्चित रूप से बनता है। हम निश्चित रूप से इस बात पर काम कर रहे हैं कि हर मैच में उनके खिलाफ कैसे प्रतिक्रिया दी जाए।

सैमसन ने कहा कि हैदराबाद की पिच पर अच्छी उछाल थी और यह हाई-स्कोरिंग टी20 क्रिकेट के अनुकूल थी। उन्होंने कहा, 'हैदराबाद आने पर हम जानते हैं कि हमें ट्रैक पर अच्छी उछाल मिलती है और मैच हाई-स्कोरिंग हो सकते हैं। यह इस सीरीज की एक निरंतर विशेषता रही है।' उन्होंने लखनऊ के मैच का उदाहरण दिया, जहां पिच से गेंदबाजों को मदद मिली थी और बताया कि कैसे परिस्थितियों के अनुसार अपनी बल्लेबाजी की योजनाओं को बदलना पड़ता है।

सैमसन ने कहा, जब आप हाई-स्कोरिंग ग्राउंड पर खेल रहे होते हैं, तो आपको पहली गेंद से ही पांचवें गियर में जाना पड़ता है। लेकिन अगर आप ऐसी पिच पर खेल रहे हैं जहां स्कोर 160-170 के आसपास हो, जैसा कि लखनऊ के मैच में था, जहां विकेट में कुछ मदद थी, तो आपकी योजनाएं उसी के अनुसार बदल जाती हैं। आप हमेशा एक तरह का क्रिकेट नहीं खेल सकते। आपको परिस्थितियों, उछाल और स्थिति का आकलन करना होगा।

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने संजू सैमसन के दम पर धमाकेदार शुरुआत की। सैमसन ने 23 गेंदों में 6 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 56 रनों की शानदार पारी खेली, जिससे मेजबान टीम ने चार ओवरों में बिना किसी नुकसान के 60 रन बना लिए। हालांकि, पांचवें ओवर में कीमो पॉल ने संजू सैमसन और ईशान किशन को आउट कर दिया, जिसके बाद वेस्टइंडीज ने मुकाबले पर अपनी पकड़ कस ली।
विज्ञापन

तिलक वर्मा - फोटो : PTI
सैमसन ने तिलक के विकेट को बताया निर्णायक
सैमसन ने कहा कि 25 गेंदों में 43 रन बनाने वाले तिलक वर्मा का विकेट गिरना निर्णायक साबित हुआ क्योंकि उस चरण में भारत मैच में बना हुआ था। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि टर्निंग प्वाइंट तब था जब तिलक आउट हुए। जैसा कि मैंने कहा, हम अच्छी गति से आगे बढ़ रहे थे। रेड्डी और तिलक गेंदबाजों पर दबाव बना रहे थे और बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे।

सैमसन ने ईशान किशन और अभिषेक शर्मा का भी समर्थन करते हुए कहा कि केवल एक मैच के आधार पर उनके टॉप ऑर्डर के प्रदर्शन को कम करके नहीं आंका जाना चाहिए। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि ईशान किशन और अभिषेक शर्मा टॉप ऑर्डर में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से दो हैं। आप वास्तव में उनसे इससे अधिक की मांग नहीं कर सकते। एक मैच में रन न बना पाना ठीक है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें