टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने चिट्ठी लिख खुद को आईपीएल की कमेंट्री पैनल में शामिल करने का अनुरोध किया है। इस साल मार्च में भारत-दक्षिण अफ्रीका सीरीज से पहले उन्हें कमेंट्री पैनल से बाहर कर दिया गया था। हालांकि यह सीरीज कोरोना महामारी के चलते पूरी नहीं हो पाई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मांजरेकर चाहते हैं कि उन्हें 19 सितंबर से यूएई में शुरू होने वाले आईपीएल के लिए दोबारा कमेंट्री पैनल में शामिल किया जाए। बोर्ड को लिखे एक मेल में उन्होंने आश्वासन दिया है कि वह बीसीसीआई के दिशा-निर्देशों के पालन करेंगे। बोर्ड को मांजरेकर की ओर से यह दूसरा ईमेल भेजा गया है। मांजरेकर ने लिखा है, आईपीएल की तारीखों का एलान हो चुका है।
अब बीसीसीआई.टीवी जल्द ही अपने कमेंटरी पैनल का चयन करेगा। बोर्ड के द्वारा तय किए गए दिशा-निर्देशों का तहत मुझे काम करने में खुशी होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबकि पिछले साल वर्ल्ड कप के दौरान मांजरेकर ने रवींद्र जडेजा को लेकर कोई टिप्पणी की थी। इसको लेकर टीम इंडिया के खिलाड़ियों के बोर्ड में शिकायत दर्ज करवाई थी। कहा जाता है कि अपनी टिप्पणी का खामियाजा मांजरेकर को भुगतना पड़ा और उन्हें कमेंट्री पैनल से हटा दिया गया।
बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा कि मामला सुलझा लिया गया है। मांजरेकर ने वादा किया है कि वह टीवी कमेंटेटरों के लिए तय नियमों का पालन करेंगे। हालांकि इस बात पर आखिरी फैसला बोर्ड अध्यक्ष सौरव गांगुली और सचिव जय शाह लेंगे। भारत के पूर्व बल्लेबाज मांजरेकर लंबे समय से कमेंटरी करते रहे हैं और आईसीसी के बड़े टूर्नामेंट समेत आईपीएल और भारतीय मैचों में भी हमेशा दिखते रहे हैं।