न्यूजीलैंड ने ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले गए सेमीफाइनल मैच में भारत को 18 रन से मात दे विश्व कप-2019 के फाइनल में कदम रख लिया है। इस मैच में भले ही भारतीय टीम को हार मिली हो, लेकिन रवींद्र जडेजा के कमाल के प्रदर्शन ने सभी का दिल जीत लिया।
यह जडेजा के खेल का ही कमाल था कि जिस संजय मांजरेकर ने जडेजा को अपनी संभावित एकादश टीम में भी जगह नहीं दी थी, उन्होंने भी ट्वीट कर लिखा, 'वेल प्लेड जडेजा'। जडेजा-मांजरेकर विवाद क्रिकेट जगत में खासा चर्चित रहा था।
भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने 59 गेंदों पर 77 रनों की लाजवाब पारी खेली और महेंद्र सिंह धोनी ने 72 गेंदों पर 50 रन बनाए। इन दोनों के बीच हुई शतकीय साझेदारी भी भारत को जीत नहीं दिला सकी। अंत के ओवर्स में न्यूजीलैंड ने इन दोनों के विकेट लेकर भारत को हार दे दी।
मंगलवार को बारिश के कारण पूरा न हो सका यह मैच बुधवार को पूरा हुआ। कीवी टीम ने भारत के सामने 240 रनों का लक्ष्य रखा था जिसे भारतीय टीम संघर्ष के बाद भी हासिल नहीं कर पाई और 49.3 ओवरों में सभी विकेट खोकर 221 रन ही बना सकी।